Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsHaryana CM Opens Chief Minister Cup 2026 Honors National Sports Medalists
खेल संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहेंगे प्रदेश के खिलाड़ी : नायब सैनी

खेल संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहेंगे प्रदेश के खिलाड़ी : नायब सैनी

संक्षेप:

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री कप 2026 का उद्घाटन किया। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है। खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई और 3,600 खिलाड़ियों के भाग लेने का उल्लेख किया गया।

Feb 09, 2026 11:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित मुख्यमंत्री कप 2026 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सोमवार को इस अवसर पर उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि हरियाणा की माटी केवल फसल ही नहीं उगाती, बल्कि चैंपियन भी पैदा करती है। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी खिलाड़ी खेल संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के 689 खिलाड़ियों ने 33 विभिन्न खेलों में भाग लेकर 153 पदक जीते हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों का पावर हाउस बताते हुए कहा कि इन प्रतिभाओं ने देशभर में हरियाणा की मजबूत पहचान बनाई है। इस मौके पर घोषणा की कि स्वर्ण पदक विजेताओं को 7 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 5 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों के सभी प्रतिभागियों को भी लगभग 24 करोड़ रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार से तीन दिवसीय मुख्यमंत्री कप 2026 टूर्नामेंट का शुभारंभ हो रहा है, जिसमें 6 खेल प्रतियोगिताओं में करीब 3600 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी हर प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है, जिसकी माटी फसल ही नहीं उगाती अपितु मैदान में चैंपियन भी पैदा करती है। अब हरियाणा केवल किसानों और जवानों की भूमि ही नहीं, बल्कि खेलों की धरती के रूप में पूरे देश में अपनी पहचान बना चुका है। आज राष्ट्रीय खेलों से लेकर ओलंपिक तक हरियाणा की गूंज सुनाई देती है। सरकार का उद्देश्य है प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हरियाणा की खेल प्रतिभा, अनुशासन, परिश्रम और संकल्प का उत्सव है और आज गुरुग्राम की यह पावन धरती दो खेल उत्सवों के रंग में रंगी है। हरियाणा की मिट्टी केवल फसल ही नहीं बल्कि चैंपियन भी पैदा करती है। इस भूमि पर पसीना बहाकर खेलों में इतिहास रचा जाता है। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी से विधायक बिमला चौधरी, खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया तथा खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल मंच हमारे युवाओं के सपनों को पंख देते हैं और खिलाड़ी राष्ट्र के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेते हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। सीएम कप के खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान मुख्यमंत्री कप के प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन दिवसीय मुख्यमंत्री कप की छह खेल प्रतियोगिताओं में 3 हजार 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस कप में स्वर्ण पदक विजेता को 1 लाख रुपये, रजत पदक विजेता को 70 हजार रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा। इस कप का आयोजन प्रदेश सरकार की उस सोच का प्रतीक है, जिसमें हर गांव व हर शहर से प्रतिभा को पहचान कर आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश के पहलवान, मुक्केबाज, एथलीट, निशानेबाज, हॉकी और अनेक अन्य खेलों के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। हरियाणा में खेलों के लिए दोगुना किया बजट: सीएम ने कहा कि सरकार हरियाणा में खिलाड़ियों के कल्याण व प्रोत्साहन के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार ने पूरे राज्य में खेल सुविधाएं विकसित करने पर पिछले 11 सालों में 989 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। खेल विभाग का बजट भी बढ़ाकर दोगुना से ज्यादा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 में यह 275 करोड़ रुपये था। सरकार ने इसे बढ़ाकर चालू वित्त वर्ष में 602 करोड़ 18 लाख रुपये का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक, पैरालंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडिय़ों को 6 करोड़ रुपये तक के नगद पुरस्कार दे रही है। खेल सुविधाओं का विस्तार मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राई जिला सोनीपत में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। वर्तमान में राज्य में 3 राज्य स्तरीय खेल परिसर, 21 जिला स्तरीय खेल स्टेडियम, 25 उपमंडल स्टेडियम, 163 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर, 245 ग्रामीण स्टेडियम तथा गांवों में 382 इनडोर जिम उपलब्ध हैं। इनके अलावा, 10 स्विमिंग पूल, 11 सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, 14 हॉकी एस्ट्रोटर्फ, 2 फुटबॉल सिंथेटिक सतह और 9 बहुउद्देशीय हॉल भी बनाए गए हैं। साथ ही प्रदेश के 16 जिलों में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में सुविधा केंद्रों का निर्माण 3 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस अवसर पर डीसी अजय कुमार, सीपी विकास अरोड़ा, हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई के कुलपति अशोक कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।