Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsHaryana Assembly Speaker Calls for Compassionate Service to Underprivileged
लोकसेवक समाज के निचले तबके तक पहुंचें : हरविंद्र कल्याण

लोकसेवक समाज के निचले तबके तक पहुंचें : हरविंद्र कल्याण

संक्षेप:

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने लोक सेवकों से समाज के निचले तबके के लोगों की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने गुरुग्राम में अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व और ईमानदारी से किए गए प्रयासों के बड़े परिणामों पर बल दिया। विशेष फाउंडेशन कोर्स में आईपीएस और अन्य अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Dec 05, 2025 11:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने लोक सेवकों से समाज के सबसे निचले तबके के लोगों तक पहुंचने और उनके प्रति सहानुभूति और प्रतिबद्धता के साथ उनकी सेवा करने का आह्वान किया। वे शुक्रवार को गुरुग्राम के सेक्टर-18 स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में हरियाणा विधानसभा के प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों और विशेष फाउंडेशन कोर्स (एसएफसी) को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से संवाद करते हुए उनकी कार्यप्रणाली तथा प्रशिक्षण के बारे में चर्चा की। हिपा में विधानसभा के अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा 8 सप्ताह का विशेष फाउंडेशन कोर्स चल रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसमें आईपीएस, आईएफओएस, आईपी एंड टीएएफएस अधिकारी शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विविध विषयों पर व्यापक और उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पहले विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से रूबरू हुए और उनकी प्राथमिकताओं के बारे में बातचीत की। ईमानदारी से किए गए छोटे प्रयास बड़े परिणाम देते हैं: विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नई दृष्टि और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। जब भी वे किसी कार्यक्रम में जाते हैं, वे वहां से कुछ न कुछ अवश्य सीखकर लौटते हैं। कभी-कभी हमें लगता है कि राष्ट्र निर्माण, विकसित भारत में हमारी भूमिका छोटी है, लेकिन वास्तव में ईमानदारी से किए गए छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े परिणाम देते हैं। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने एसएफसी मॉड्यूल से अपने अनुभव साझा किए, जिसमें कक्षा निर्देश, क्षेत्रीय अनुभव, व्यवहारिक प्रशिक्षण और सार्वजनिक नीति अभिविन्यास शामिल रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने हिपा की संरचित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के लिए प्रशंसा की। यह संस्थान न केवल राज्य अधिकारियों की आवश्यकताओं को पूरा करता हैं, बल्कि अखिल भारतीय सेवाओं के लिए प्रभावी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने लोक प्रशासन में भविष्य की नेतृत्वकारी भूमिकाओं के लिए मजबूत विधायी समझ, क्षेत्रीय जवाबदेही और अंतर-विभागीय समन्वय के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इन अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है: गौरतलब है कि विशेष फाउंडेशन कोर्स (एसएफसी) अखिल भारतीय सेवाओं और केंद्रीय सिविल सेवा के नवनियुक्त अधिकारियों के लिए तैयार किया गया 8 सप्ताह का एक गहन राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है। वर्तमान समूह में कई राज्यों के 2020 और उससे पहले के बैचों के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस), भारतीय डाक सेवा (आईपीओएस) और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारी शामिल हैं। इस मौके पर संस्थान महानिदेशक मनोज यादव, कोर्स को-ऑर्डिनेटर शिवप्रसाद शर्मा, मोहिंदर कुमार, विधानसभा सचिव राजीव प्रसाद, विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार रामनारायण यादव, हिपा की संयुक्त निदेशक रेखा दहिया समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।