मिलेनियम सिटी में बूंदाबांदी के बाद गर्मी से थोड़ी राहत

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में शुक्रवार की शाम मौसम में अचानक बदलाव आया। घने काले बादलों के छाने के बाद तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मिलेनियम सिटी में बूंदाबांदी के बाद गर्मी से थोड़ी राहत

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। जिले में शुक्रवार की शाम बड़ी राहत मिली। दिनभर चली धूप-छांव और भारी उमस के बाद शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर में शाम करीब चार बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और सवा पांच बजे तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। लगभग 10 मिनट तक लगातार हुई इस बूंदाबांदी ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया। बूंदबांदी ने लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से निजात दिलाई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को हुई इस राहत की बारिश के बाद शहर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि ठीक एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस प्रकार बीते 24 घंटे के भीतर गुरुग्राम के अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की एक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शाम को हुई इस बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत महसूस हुई है.

मौसम के कई रूप

शुक्रवार सुबह से ही मौसम के कई रूप देखने को मिले। सुबह से लेकर शाम तक कभी तेज धूप निकल रही थी तो कभी आसमान में बादल छा रहे थे। इस आंख-मिचौली के कारण हवा में नमी बढ़ गई और दिनभर लोग उमस व पसीने से बेहाल नजर आए। दोपहर के वक्त बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन शाम चार बजे अचानक घने काले बादलों ने पूरे आसमान को घेर लिया और मौसम सुहावना हो गया.

येलो अलर्ट 31 मई तक जारी

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम के लोगों को आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलती रहेगी। विभाग ने आगामी 31 मई तक पूरे क्षेत्र में धूल भरी आंधी, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण मौसम का यह बदला हुआ मिजाज जारी रहेगा.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

गुरुग्राम में बारिश कब हुई?
गुरुग्राम में बारिश शुक्रवार की शाम को हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।