तापमान में बढ़ोतरी से सताने लगी गर्मी, 20 अप्रैल तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
- 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री का उछाल, पारा 35 के पार पहुंचा तापमान में बढ़ोतरी से सताने गर्मी, 20 अप्रैल तक

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। शहर में अब गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को दिन भर खिली तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। मौसम में आए इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों के दौरान 2.0 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 0.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 17.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दिन में जहां अब धूप चुभने लगी है, वहीं सुबह और शाम के समय अभी भी हल्की ठंडक का एहसास बरकरार है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में 20 अप्रैल तक मौसम का मिजाज लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा।
15 और 16 अप्रैल को मौसम पूरी तरह से साफ और खुश्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने से तेज धूप निकलेगी, जिससे दिन के तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि 17 और 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।19 से फिर साफ होगा आसमान, दिन गर्म-रात ठंडी19 और 20 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही मौसम दोबारा से साफ और खुश्क हो जाएगा। आसमान साफ होने से दिन के तापमान में फिर से हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे दिन अधिक गर्म रहेंगे। हालांकि, रात के तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिश्रित अनुभव होता रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


