घने कोहरे ने परेशानी बढ़ाई, दृश्यता 50 मीटर से भी कम
- सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन, ट्रेनों और रोडवेज बसों की लेटलतीफी ने बढ़ाई यात्रियों की मुसीबत

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर सिटी में पिछले चार दिनों से कुदरत का दोहरा प्रहार जारी है। बुधवार सुबह शहर घने कोहरे की चपेट में रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। आलम यह था कि सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर महज 50 मीटर से भी कम रह गई, जिसके कारण द्वारका एक्सप्रेसवे, सोहना रोड और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। चालकों को दिन में भी हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर रेंगना पड़ा। कोहरे का सबसे ज्यादा असर सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों पर पड़ा। सार्वजनिक यातायात व्यवस्था चरमराने से रोडवेज की बसें और कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चलीं।
सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलने पर कोहरे का असर कुछ कम हुआ, लेकिन ठंडी हवाओं ने सिहरन बरकरार रखी। बुधवार को अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और न्यूनतम 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले मंगलवार को शहर का अधिकतम तामपान 19.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दस फरवरी तक बारिश की संभावना मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हरियाणा में 10 फरवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। दो लगातार पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहे हैं। पहला विक्षोभ 6 और 7 फरवरी को बादल और तेज हवाएं लाएगा, जबकि दूसरा विक्षोभ 9 फरवरी की रात और 10 फरवरी को सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से गुरुग्राम सहित आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश के बाद चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाएं रात के तापमान में और गिरावट लाएंगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


