
एक महीने में 19 हजार 309 वाहनों के चालान,1.43 करोड़ का जुर्माना
संक्षेप: गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। गुरुग्राम में यातायात पुलिस ने सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर
गुरुग्राम। गुरुग्राम में यातायात पुलिस ने सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर शिकंजा कसा है। विशेष रूप से उन वाहनों को निशाना बनाया गया जिनके पास हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं थी या जिन पर कोई नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी। यातायात पुलिस उपायुक्त डॉ. राजेश मोहन के मार्गदर्शन में चलाए गए इस एक महीने के सख्त अभियान के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की है। अभियान के आंकड़े: एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर 2025 तक गुरुग्राम पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले कुल 19 हजार 309 वाहनों का चालान किया है।

इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 1 करोड़ 43 लाख 78 हजार 500 रुपए है। आंकड़ों को विस्तार से देखें तो, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर 5 हजार 603 चालान किए गए, जिनकी जुर्माना राशि 46 लाख 33 हजार 500 रूपए रही। वहीं, बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट के 13 हजार 706 चालान किए गए, जिसमें तीन हजार 630 चालान केवल कैमरों की मदद से किए गए, और इनकी कुल जुर्माना राशि 97 लाख 45 हजार रुपए है। सुरक्षा कारणों से सख्ती यातायात पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल राजस्व जुटाने के लिए नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य गुरुग्राम में यातायात का संचालन सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है। इसके अलावा एचएसआरपी नंबर प्लेट सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बिना नंबर प्लेट वाले या फर्जी HSRP वाले वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक और असामाजिक तत्व आसानी से कर सकते हैं, जिससे अपराधों पर नकेल कसना मुश्किल हो जाता है। पुलिस की वाहन चालकों से अपील गुरुग्राम पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे तुरंत अपने वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाना सुनिश्चित करें और नियमों का पालन करें। चेतावनी दी गई है कि यातायात पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ यह चालान अभियान भविष्य में भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




