
सख्ती:ट्रैफिक पुलिस ने 739 स्कूल बसों की जांच कर 157 के चालान काटे
संक्षेप: गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तह
गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने तीन से 10 नवंबर तक गुरुग्राम क्षेत्र की विभिन्न स्कूल बसों की गहनता से जांच की। इस विशेष सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी चेकिंग अभियान के तहत कुल 739 स्कूल वाहनों को चेक किया गया। जांच के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने, आवश्यक कमियां पाए जाने और दस्तावेज़ पूरे न होने की सूरत में 157 स्कूल बसों और ड्राइवरों के चालान किए गए। इस दौरान सभी चालकों को यातायात नियमों की दृढ़ता से पालना करने के लिए प्रेरित भी किया गया। यातायात पुलिस ने इस दौरान स्कूल बस ड्राइवरों को छात्रों को बस से उतारते और चढ़ाते समय बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने, बस में सीमित संख्या में ही छात्रों को बिठाने, फर्स्ट एड बॉक्स को दुरुस्त रखने, फायर एक्सटिंग्विशर सिलेंडर को समय पर बदलने और कैमरों के सही ढंग से कार्य करने की नियमित जांच सुनिश्चित करने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ देकर जागरूक किया।

साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 के बारे में भी जानकारी दी गई। यातायात पुलिस गुरुग्राम ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि छात्र देश का स्वर्णिम भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित संजोए रखना हम सबका परम कर्तव्य है। सभी स्कूल संचालक अपने बस ड्राइवरों को सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के बारे में अवगत कराएँ और यातायात नियमों की पालना करने हेतु प्रेरित करें। पुलिस ने इस मुहिम में सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा है कि यातायात पुलिस गुरुग्राम सदैव आपकी सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




