आगे-पीछे अलग नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रहा ट्रक जब्त

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम की ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्रक चालक को पकड़ा है जो भारी चालान से बचने के लिए दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेटें लगाकर सड़कों पर दौड़ रहा था। जांच के दौरान ट्रक की नंबर प्लेटों में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आगे-पीछे अलग नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रहा ट्रक जब्त

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। शहर की ट्रैफिक पुलिस ने पुलिस और कैमरों को चकमा देने वाले एक बेहद शातिर ट्रक चालक को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह चालक भारी-भरकम चालान से बचने के लिए एक अनोखी और पूरी तरह से गैरकानूनी तरकीब अपना रहा था। वह अपने ट्रक पर आगे और पीछे दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर की प्लेट लगाकर सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहा था। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने का यह खेल शुक्रवार को तब खत्म हुआ, जब बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। जांच के दौरान जब सतर्क पुलिसकर्मियों की नजर इस ट्रक की दोनों नंबर प्लेटों पर पड़ी, तो फर्जीवाड़े का यह बड़ा मामला खुलकर सामने आ गया।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस खुलासे ने स्पष्ट कर दिया है कि चालान से बचने के लिए लोग किस हद तक जालसाजी कर रहे हैं। ट्रक को रुकवा कर जब पुलिस ने उसकी नंबर प्लेटों और ऑनलाइन दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, तो इस पूरी जालसाजी का असल कारण सामने आया। जांच में यह खुलासा हुआ कि इस ट्रक पर पहले से ही ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कई मामले दर्ज हैं। ट्रक पर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का भारी-भरकम चालान बकाया था। इसी लाखों रुपये के जुर्माने की राशि को भरने से बचने के लिए चालक ने नंबर बदलने की यह साजिश रची थी।चालक ने बड़ी चालाकी से ट्रक के आगे के हिस्से में एक अलग नंबर की प्लेट लगाई हुई थी, जबकि पीछे की तरफ किसी दूसरे नंबर की प्लेट लगा रखी थी। इसका मुख्य उद्देश्य यह था कि अगर सड़क पर लगे किसी सीसीटीवी कैमरे में या पुलिस नाके पर ट्रक का एक नंबर कैद भी हो जाए, तो असली नंबर की पहचान कर पाना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाए और वह आसानी से बच निकले।इस पूरे मामले पर ट्रैफिक पुलिस के जोनल अधिकारी जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों की लगातार और गहन जांच की जाती है। इसी जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम की मुस्तैदी से यह ट्रक चालक उनकी पकड़ में आ गया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और नियमों के तहत चालक के खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।