इफ्को चौक से ग्रेटर एसपीआर तक पांच अंडरपास बनाए जाएंगे
गुरुग्राम में इफ्को चौक से ग्रेटर एसपीआर तक सड़क के निर्माण की योजना है, जिसे सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। पांच मुख्य चौराहों पर अंडरपास बनाए जाएंगे। इसकी फिजिबिलिटी सर्वे अगले महीने होगी। निर्माण में एक हजार करोड़ रुपये लागत का अनुमान है।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। गोल्फ कोर्स रोड की तर्ज पर इफ्को चौक से लेकर प्रस्तावित ग्रेटर एसपीआर तक रोड तक का निर्माण किया जाएगा। रोड को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। पांच मुख्य चौराहों पर अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इफ्को चौक को इस रोड से जोड़ने के लिए क्लोवरलीफ, फ्लाईओवर को डिजाइन किया जाएगा। अगले एक महीने के अंदर फिजिबिलिटी सर्वे हो जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात जाम कम करने के लिए इफ्को चौक से लेकर ग्रेटर एसपीआर तक करीब 10 किमी लंबी सड़क को यातायात सिग्नल फ्री करने की योजना बनाई है।
अंडरपास निर्माण की योजना
इसके तहत जेड चौक, आरडी सिटी चौक, सेक्टर-52 चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और सेक्टर-61-62 चौक पर अंडरपास बनाए जाएंगे। इसकी फिजिलिटी सर्वे करने की लिए एक कंपनी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह कंपनी अगले महीने तक अपनी रिपोर्ट दे देगी। इस सड़क के बीच में पड़ रहे अन्य चौराहों को इस सड़क से कैसे जोड़ा जाए, इसकी योजना भी बनेगी। इसके निर्माण में करीब एक हजार करोड़ रुपये लागत आने का अनुमान है।
जेड चौक पर मंजूरी
जेड चौक पर मंजूरी मिल चुकी : मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप जेड चौक पर अंडरपास बनाने की मंजूरी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से दी जा चुकी है। तीन-तीन लेन के इस अंडरपास के बनने से इस चौराहे पर यातायात जाम नहीं लगेगा।
यातायात की स्थिति में सुधार
मौजूदा समय में लोगों को कई बार 10 से 15 मिनट इस चौराहे को पार करने में लग जाते हैं। एचएमआरटीसी ने गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सेक्टर-56 से सेक्टर-पांच तक मेट्रो मार्ग का निर्माण करने की है।
नमो भारत ट्रेन परियोजना
गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन भी इस मुख्य सड़क के कुछ हिस्से पर चलेगी। जीएमडीए ने सलाहकार कंपनी को इन दोनों परियोजनाओं के बारे में जानकारी दे दी है। इसके तहत डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


