खेल बजट: गुरुग्राम को खेल बजट की बड़ी सौगात: दौलताबाद में बनेगा राज्य का पहला पैरा खेल स्टेडियम
- मिलेगा नया खेल स्टेडियम, बजट में मुख्यमंत्री की घोषणा खेल बजट: गुरुग्राम को खेल बजट की बड़ी सौगात: दौलताबाद में बनेगा राज्य का पहला पैरा खेल स्टेडियम

गुरुग्राम। हरियाणा के बजट में खेल क्षेत्र को मिली प्राथमिकता के बीच गुरुग्राम जिले को बड़ी सौगात मिली है। नायब सिंह सैनी द्वारा घोषित प्रावधानों के तहत गुरुग्राम के राजीव गांधी खेल परिसर, दौलताबाद को अपग्रेड कर राज्य का पहला पैरा खेल स्टेडियम विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही गुरुग्राम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे जिले की खेल संरचना को नई मजबूती मिलेगी। राजीव गांधी खेल परिसर के उन्नयन के बाद यहां पैरा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अत्याधुनिक ट्रैक, विशेष प्रशिक्षण उपकरण और प्रतियोगिताओं के आयोजन की क्षमता विकसित होने से गुरुग्राम राष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों का केंद्र बन सकता है।
इससे जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा। जिला खेल अधिकारी आरती सोलंकी ने बताया कि कुल मिलाकर, बजट में की गई घोषणाएं गुरुग्राम को खेल मानचित्र पर नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही हैं। आधुनिक स्टेडियम, पैरा खेल सुविधाएं, प्रशिक्षित कोच और फिटनेस अभियान से जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मिलेंगे। 21 नए स्टेडियम, गुरुग्राम को भी लाभ: कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रेवाड़ी, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद व पलवल सहित विभिन्न जिलों में 21 नए खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे। गुरुग्राम में नए स्टेडियम के निर्माण से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। मिशन ओलंपिक 2036 से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच: मिशन ओलंपिक 2036 योजना के अंतर्गत प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों से उभरती प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में यह पहल खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर साबित होगी। वहीं स्वस्थ जीवन शैली और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए 30 सितंबर 2026 से ‘फिट हरियाणा’ अभियान शुरू होगा। इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और सामुदायिक केंद्रों में फिटनेस गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे गुरुग्राम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों की नियुक्ति: खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इससे गुरुग्राम के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मार्गदर्शन मिलेगा और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी। खेलो इंडिया लघु केंद्र और सिंथेटिक ट्रैक: प्रत्येक जिले में एक खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिसका संचालन किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी को सौंपा जाएगा। इसके अलावा हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक भी बनाया जाएगा। गुरुग्राम में इन सुविधाओं के विकसित होने से एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा मिलेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



