ताजा कूड़ा डालने के लिए समिति तीन दिन में जमीन तालाशेगी

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

- केंद्रीय मंत्री के आदेश के बाद जिला उपायुक्त ने किया पांच सदस्यीय कमेटी का गठन

ताजा कूड़ा डालने के लिए समिति तीन दिन में जमीन तालाशेगी

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। शहर से रोजाना निकलने वाले ताजा कूड़े को अब बंधवाड़ी नहीं भेजा जाएगा। कूड़े को एकत्रित करने और उसका निस्तारण करने के लिए नई जगह तालाश की जाएगी। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री के सख्त निर्देशों के बाद गुरुग्राम के उपायुक्त ने रोजाना पैदा होने वाले ताजा कचरे के निपटान और निस्तारण के लिए एक नई जमीन की तलाश तेज कर दी है। इसके लिए पांच वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय विशेष कमेटी का गठन किया गया है, जिसे अगले तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का समय दिया गया है। गौरतलब है कि शहर में ताजा कूड़ा अलग से डालने के लिए पिछले दस साल से जमीन की तलाश चल रही है। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के सख्त आदेशों के बाद भी निगम अधिकारी अब तक उपयुक्त जगह तलाशने में नाकाम रहे थे, लेकिन अब केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस काम में तेजी आई है。

केंद्रीय मंत्री की समीक्षा बैठक के बाद जागे अधिकारी

दरअसल, बीते 28 मई को केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री ने गुरुग्राम का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर जमा पुराने कचरे के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बंधवाड़ी साइट पर रोजाना गिरने वाले नए कचरे पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि रोजाना आने वाले कचरे के कलेक्शन और प्रोसेसिंग के लिए एक अलग व उपयुक्त जमीन की पहचान की जाए, ताकि बंधवाड़ी पर अतिरिक्त बोझ न पड़े और वहां जमा पुराने कचरे का पूरी तरह निस्तारण हो सके।

कमेटी में शामिल किए गए पांच अधिकारी

केंद्रीय मंत्री के इसी आदेश का पालन करते हुए गुरुग्राम के उपायुक्त ने आधिकारिक आदेश जारी कर कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में जिला राजस्व और निगम के आला अधिकारियों को शामिल किया गया है। कमेटी में नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त-3 रविंद्र यादव और संयुक्त आयुक्त-एसबीएम प्रीत पाल सिंह शामिल हैं। इनके साथ ही गुरुग्राम के जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) नवनीत कौर और नगर निगम के तहसीलदार हरकेश गुप्ता को भी इस टीम का हिस्सा बनाया गया है।

सामान्य प्रश्न

गुरुग्राम में ताजा कूड़े का निस्तारण किसके निर्देशों पर किया जाएगा?
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री के सख्त निर्देशों पर गुरुग्राम में ताजा कूड़े का निस्तारण किया जाएगा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।