नेल्सन मंडेला से घाटा तक सड़क की संभावनाएं तलाशी जाएंगी
गुरुग्राम में नेल्सन मंडेला से खुशबू चौक तक सड़क निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा के लिए जीएमडीए और एनएचएआई के बीच बैठक होगी। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने प्रस्तावित सड़क मार्ग को घाटा गांव से जोड़ने का सुझाव दिया। बैठक में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात कम करने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। नेल्सन मंडेला से खुशबू चौक की बजाय घाटा तक सड़क निर्माण की संभावनाओं को तलाशा जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच इस सिलसिले में एक बैठक जल्द होगी। मंगलवार शाम को जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डॉयल) की तरफ से दिल्ली-जयपुर हाईवे और दिल्ली एयरपोर्ट के आसपास यातायात जाम को कम करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें नेल्सन मंडेला से खूशबू चौक तक एक सड़क मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। मीणा ने कहा कि खूशबू चौक से वाहन चालकों को कम फायदा होगा। यदि इस सड़क को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गांव घाटा तक प्रस्तावित ग्रेटर एसपीआर और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोड़ा जाता है तो वाहन चालकों को राहत मिलेगी। उन्होंने जीएमडीए के इंजीनियर को इस दिशा में संभावनाओं को तलाशने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक की चर्चा
बैठक में दिल्ली-जयपुर हाईवे और ओल्ड दिल्ली रोड को रेजांगला चौक के माध्यम से द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। डॉयल अधिकारियों ने बताया कि इसके बनने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नौ प्रतिशत यातायात कम हो जाएगा। जीएमडीए के इंजीनियर ने बैठक में बताया कि गांव चौमा में सड़क की चौड़ाई करीब 10 मीटर है। भविष्य में रेजांगला चौक से लेकर द्वारका तक प्रस्तावित मेट्रो इस सड़क से निकालने की योजना है। इसके अलावा सुशील ऐमा रोड पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण प्रस्तावित है। जीएमडीए सीईओ ने डॉयल अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि वे धरातल पर फिजिबिलिटी सर्वे करवाएं।
ग्रेटर एसपीआर का निर्माण
इस बैठक में ग्रेटर एसपीआर के निर्माण को लेकर चर्चा हुई। जीएमडीए इंजीनियर ने बताया कि इस रोड के निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जमीन अधिग्रहण होने के बाद इस रोड के निर्माण का इस्टीमेट तैयार किया जाएगा। यह रोड दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एंबीयंस मॉल के समीप से शुरू होगी, जो एमजी रोड, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड, गुरुग्राम-सोहना रोड से होते हुए दोबारा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर के समीप जाकर मिलेगी।
अन्य एक्सप्रेसवे विस्तार
डॉयल अधिकारियों ने इस बैठक में द्वारका एक्सप्रेसवे के मायापुरी तक विस्तार, बारापुल्ला रोड का आईएनए से महिपालपुर तक विस्तार, यूईआर दो का तुगलकाबाद तक विस्तार, रंगपुरी में बाईपास का निर्माण की बात रखी। जीएमडीए अधिकारियों ने उन्हें बताया कि ये जीएमडीए की परिधि से बाहर है। इस प्रस्ताव पर एनएचएआई के अधिकारियों की तरफ से कदम उठाए जाएंगे। इस बैठक में जीएमडीए के मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान, अधीक्षक अभियंता फैजल इब्राहिम, कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा, परियोजना समन्वयक प्रिया सरदाना, जीएमआरएल से नमिता कलसी और एसडी शर्मा आदि मौजूद रहे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


