बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर आग लगते ही अलार्म बजेगा
गुरुग्राम में बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े के पहाड़ में आग लगने का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम ने सुरक्षा के लिए हाईटेक उपकरण और मीथेन डिटेक्टर लगाए हैं। पिछले वर्ष आग लगने की घटनाएं बढ़ी थीं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में धुआं फैला था। अब अलार्म और अग्निशामक यंत्रों से आग को समय पर काबू किया जाएगा।

गुरुग्राम। गर्मी के दस्तक देते ही बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर जमा 16 लाख मीट्रिक टन कूड़े के पहाड़ में आग लगने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, इस बार नगर निगम गुरुग्राम ने दावों से आगे बढ़ते हुए धरातल पर पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है। बंधवाड़ी में अब आग लगते ही अलार्म बजेगा। कूड़े के ढेरों के नीचे सुलगने वाली मीथेन गैस और उससे भड़कने वाली आग को समय रहते काबू करने के लिए निगम ने पहली बार हाईटेक उपकरणों की तैनाती की है।नगर निगम ने इस साल आग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
इसमें निगम ने बंधवाड़ी प्लांट साइट पर चार मीथेन डिटेक्टर लगाए गए हैं। ये यंत्र गैस का स्तर बढ़ते ही अलार्म बजा देंगे, जिससे आग लगने से पहले ही बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा। कूड़े के पहाड़ के चारों ओर 46 अग्निशामक यंत्र मंगवाए गए हैं ताकि छोटी आग को तुरंत बुझाया जा सके। धूल और गैस को दबाने के लिए ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रिंकलर की व्यवस्था की गई है, साथ ही आपात स्थिति के लिए दमकल की गाड़ियां भी तैनात रहेंगी।वर्ष 2024 में सुरक्षा इंतजामों के अभाव में मार्च से जून के बीच यहां 70 से ज्यादा बार आग लगी थी। पिछले वर्ष भी मई-जून में 30 से अधिक घटनाएं दर्ज हुईं, जिससे बंधवाड़ी, ग्वालपहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में जहरीला धुआं फैल गया था और लोगों का सांस लेना दूभर हो गया था। निगम ने हाल ही में कूड़ा निस्तारण के लिए दो नई प्राइवेट एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी है। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि यदि लापरवाही के कारण आग लगती है या पर्यावरण को नुकसान पहुँचता है, तो इन एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।बंधवाड़ी में कूड़े के ढेरों में आग न लगे इसे लेकर इंतजाम लगभग पूरे कर लिए हैं। एजेंसियों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही में एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी।- संदीप सिहाग, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


