Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsGurugram Sewage Line Tampering Criminal Act Discovered During Cleaning
सीवर मैनहोल में ईंट और पत्थर मिले

सीवर मैनहोल में ईंट और पत्थर मिले

संक्षेप:

गुरुग्राम के नूरपुर क्षेत्र में सीवर लाइनों की सफाई के दौरान एक मैनहोल के अंदर ईंटें और पत्थर मिले। प्रारंभिक जांच से पता चला कि किसी ने जानबूझकर सीवर लाइन में छेड़छाड़ की थी। निगम आयुक्त ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।

Nov 22, 2025 11:25 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम गुरुग्राम के नूरपुर क्षेत्र में सीवर लाइनों की नियमित सफाई के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नूरपुर मोड़ पर जांच कर रही निगम की टीम को एक मैनहोल के अंदर ईंटें, पत्थर और अन्य ठोस सामग्री मिली, जिससे सीवर लाइन जाम हो गई थी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर सीवर लाइन में छेड़छाड़ कर उसे बाधित करने की कोशिश की थी। घटना सामने आते ही निगम की सफाई टीम ने तुरंत मैनहोल को खोला और उसमें जमा किए गए मलबे को बाहर निकाला, जिससे पानी का प्रवाह सामान्य हो सका।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

टीम के सदस्यों ने बताया कि यदि समय रहते यह हरकत पकड़ में न आती तो पूरे क्षेत्र में जलभराव, बदबू और गंदगी की गंभीर समस्या पैदा हो सकती थी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से सीवर लाइन में रुकावट आ रही थी। उन्होंने निगम टीम की सराहना की कि समय पर की गई कार्रवाई से बड़ी परेशानी टल गई। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन में छेड़छाड़ करना न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की हरकत है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की स्वच्छता और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सीवर लाइन में छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। निगम ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने के लिए विशेष निर्देश भी जारी कर दिए हैं। निगम अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो वे तुरंत निगम को सूचित करें। सफाई अभियान इसी तरह जारी रहेगा ताकि शहर स्वच्छ बना रहे।