Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsGurugram Sees Record Low Temperatures Yellow Alert Issued Amid Pollution Crisis
गुरुग्राम में इस मौसम की सबसे सर्द रात, 14 साल का रिकॉर्ड टूटा

गुरुग्राम में इस मौसम की सबसे सर्द रात, 14 साल का रिकॉर्ड टूटा

संक्षेप:

गुरुग्राम में दिसंबर की शुरुआत के साथ ठंड ने तेजी से अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 14 वर्षों का सबसे कम है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है। डॉक्टरों ने बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

Dec 01, 2025 11:23 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में दिसंबर माह की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार-सोमवार की रात इस मौसम की सबसे ज्यादा सर्द रही। ठंड ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साल 2011 से साल 2024 तक न्यूनतम तापमान 8.1 से 13.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। एक दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन के अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। येलो अलर्ट किया जारी : ठंड की दस्तक के साथ ही मौसम विभाग ने सोमवार को पांच दिसंबर तक येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मौसम विभाग ने रात में धुंध के साथ-साथ शीत लहर चलने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले 48 घंटों में शीतलहर की तीव्रता और बढ़ सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट की संभावना है। छह गुना तक ज्यादा प्रदूषित रही हवा : सोमवार को शहरवासियों को प्रदूषित हवा से राहत नहीं मिली। गुरुग्राम का एक्यूआई 275 दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच गुना से ज्यादा हवा में प्रदूषण का स्तर रहा और हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। मानेसर का एक्यूआई 323 दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह गुना से ज्यादा हवा में प्रदूषण का स्तर रहा। हरियाणा में सोनीपत के बाद मानेसर की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। डॉक्टरों ने बाहर निकलने से बचने की सलाह दी चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि वे स्वास्थ्य को देखते हुए सुबह और शाम के समय खुले में टहलने या व्यायाम करने से बचें। हृदय और श्वास संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने और घर से बाहर निकलने पर एन-95 मास्क का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पुलिस और परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने, फॉग लाइट्स का प्रयोग करने और गति को नियंत्रित रखने की अपील की है।