तैयारी: बच्चों की थाली होगी और बेहतर, गुरुग्राम के शिक्षक सीखेंगे न्यूट्रिशन के नियम

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मिड-डे-मील की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसमें शिक्षकों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पोषण संबंधी मानकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे भोजन की गुणवत्ता बढ़ेगी और बच्चों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

तैयारी: बच्चों की थाली होगी और बेहतर, गुरुग्राम के शिक्षक सीखेंगे न्यूट्रिशन के नियम

गुरुग्राम,साक्षी रावत। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिलने वाला मिड-डे-मील आने वाले समय में और अधिक सुरक्षित, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण हो सकेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है, जिसके तहत गुरुग्राम समेत प्रदेश के चयनित शिक्षकों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पोषण संबंधी मानकों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार केवल होम साइंस या ड्राइंग विषय के शिक्षक ही नहीं, बल्कि अंग्रेजी और गणित जैसे विषयों के शिक्षक भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनेंगे और आगे चलकर मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे। संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (डब्ल्यूएफपी) के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्कूलों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को भोजन तैयार करने, सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के रखरखाव और व्यक्तिगत साफ-सफाई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मानकों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में कुक-कम-हेल्परों और अन्य स्कूल कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे मिड-डे-मील योजना से जुड़े सभी कर्मियों तक सही जानकारी पहुंचेगी और स्कूलों में भोजन तैयार करने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बन सकेगी।इस पहल से बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार होगा। भोजन में पोषण तत्वों का बेहतर संतुलन सुनिश्चित किया जा सकेगा और खाद्य जनित बीमारियों की आशंका भी कम होगी। साथ ही स्कूलों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन भी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में संतुलित एवं पौष्टिक भोजन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मिड-डे-मील की गुणवत्ता बेहतर होने से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, उपस्थिति और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। यही कारण है कि शिक्षा विभाग इस अभियान को स्कूल स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी में जुटा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।