मिलेनियम सिटी के सात स्कूलों में बम धमाके की धमकी

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में बुधवार को स्कूलों में बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल भेजने वाले ने खालिस्तान समर्थक होने का दावा किया और कई स्कूलों के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों को भी धमकी दी। चार घंटे की जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की।

मिलेनियम सिटी के सात स्कूलों में बम धमाके की धमकी

गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी के स्कूलों में बुधवार को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई। ई-मेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान समर्थक बताते हुए शहर के सात नामचीन स्कूलों के अलावा दिल्ली के लाल किले और हरियाणा के अंबाला एवं रेवाड़ी रेलवे स्टेशनों को भी आईईडी धमाकों से उड़ाने की धमकी दी। करीब चार घंटे तक जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इससे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के सात नामी निजी स्कूलों को सुबह आठ बजकर 33 मिनट पर धमकी भरी एक ई-मेल मिली। ई-मेल पढ़ते ही स्कूल प्रबंधनों के हाथ-पांव फूल गए। तत्काल पुलिस को सूचित किया गया और एहतियात के तौर पर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। अभिभावकों को जैसे ही मैसेज मिले, वे बदहवास होकर स्कूल गेट पर पहुंचे और बच्चों को घर पर लेकर गए। पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया और कई बच्चों को स्कूल बसों के जरिए सुरक्षित घर पहुंचाया गया。

अंबाला-रेवाड़ी रेलवे स्टेशनों को भी उड़ाने की धमकी

धमकी देने वाले ने ई-मेल में दावा किया कि 29 अप्रैल को 40वां खालिस्तान डिक्लेयरेशन डे के तौर पर माना जाए। ई-मेल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सीधी चुनौती देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का दावा किया गया। हालांकि, मेल में एक जगह यह भी लिखा गया कि खालिस्तान बच्चों के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसके बावजूद स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों को दहलाने की बात कही गई। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और अंबाला-रेवाड़ी जैसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों का नाम होने से देश की खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।

जांच अभियान चलाया गया

रेवाड़ी रेलवे जंक्शन को मिले धमकी भरे इनपुट के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने मोर्चा संभाल लिया। रेवाड़ी में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालयों और पार्किंग एरिया की सघन तलाशी ली। स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों के डिब्बों और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि अलर्ट मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई। यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

चार घंटे की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

गुरुग्राम पुलिस के बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और विभिन्न विशेष टीमों ने स्कूलों के क्लासरूम, लाइब्रेरी और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। करीब चार घंटे चले इस गहन सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि यह एक हॉक्स मेल (फर्जी मेल) थी, जिसका मकसद केवल शांति भंग करना और दहशत फैलाना था।

मार्च में भी 15 स्कूलों को दी गई थी धमकी

पुलिस अब इस ई-मेल के स्रोत को ट्रैक करने में जुटी है। प्राथमिक जांच में विदेशी वीपीएन और सर्वर के इस्तेमाल का संदेह है। गौरतलब है कि मार्च माह में गुरुग्राम के 15 स्कूलों को ऐसी धमकियां मिली थीं। गुरुग्राम पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए गुजरात के अहमदाबाद से एक आरोपी को पकड़ा था। साइबर सेल अब ई-मेल की सत्यता और भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ले रही है।

अफवाहों से बचें

गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। यदि कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखे, तो तुरंत 112 पर सूचित करें।

सामान्य प्रश्न

गुरुग्राम में धमकी कब मिली?
गुरुग्राम के स्कूलों को धमकी भरी ई-मेल सुबह आठ बजकर 33 मिनट पर मिली।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।