Gurgaon News: लोक नृत्य और अभिनय में छात्राओं ने दिखाया हुनर
Gurgaon News: खंड स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटौदी की टीम दोनों वर्गों में रही प्रथम, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी ब्लॉक का प

Gurgaon News: गुरुग्राम, साक्षी रावत। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गुरुग्राम की ओर से सोमवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटौदी में खंड स्तरीय नैशनल रोल प्ले एंड फोक डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पटौदी खंड के विभिन्न क्लस्टरों से सीआरसी स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने लोक नृत्य और अभिनय के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के लोक नृत्य और अभिनय दोनों वर्गों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटौदी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। अब दोनों टीमें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पटौदी खंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम का आयोजन डाइट प्रिंसिपल एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी के नेतृत्व और डाइट के सीनियर प्रवक्ता एवं डीआरयू विंग इंचार्ज अरुण कुमार राघव के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ग में प्रथम रहने वाली टीम को जिला स्तर पर भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और शिक्षकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, कला कौशल और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना है। इस अवसर पर डीआरयू विंग इंचार्ज अरुण कुमार राघव, जिला कार्यक्रम नोडल राम किशन वत्स, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटौदी के प्रिंसिपल शैलेंद्र कुमार शुक्ला, राजकीय विद्यालय शेरपुर के प्रिंसिपल जय भगवान ठाकरान और बीआरपी एवं खंड कार्यक्रम नोडल सरिता ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।


