शुरुआत: छात्रों को सिखाई जाएगी समझ, विश्लेषण और समस्याओं से निपटने की कला

Apr 08, 2026 11:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

- गुरुग्राम सहित प्रदेश के स्कूलों में 2026-27 से नई व्यवस्था, कक्षा 3 से 8 तक चरणबद्ध बदलाव

शुरुआत: छात्रों को सिखाई जाएगी समझ, विश्लेषण और समस्याओं से निपटने की कला

गुरुग्राम। स्कूल शिक्षा में बड़ा बदलाव करते हुए कक्षा तीसरी से आठवीं तक पढ़ाई के तरीके को पूरी तरह से नया रूप दिया जा रहा है। 2026-27 के इसी सत्र से लागू होने वाली इस व्यवस्था में बच्चों को रटने के बजाय समझने, तर्क करने और समस्याओं का समाधान निकालने की दिशा में तैयार किया जाएगा। नई पहल के तहत कंप्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों को भी पढ़ाई में शामिल किया जा रहा है, जिसे कक्षा के स्तर के अनुसार डिजाइन किया गया है। शुरुआती कक्षाओं में बच्चों को खेल, पहेलियों, गतिविधियों और वर्कशीट के माध्यम से बुनियादी समझ दी जाएगी, ताकि वे धीरे-धीरे जटिल अवधारणाओं को आसानी से समझ सकें।

कक्षा 3 से 5 तक के छात्रों को सरल गतिविधियों के जरिए तार्किक सोच और पैटर्न पहचानने की क्षमता विकसित कराई जाएगी। वहीं कक्षा 6 से 8 के छात्रों को इस आधार पर आगे बढ़ाते हुए डेटा की समझ, समस्या समाधान और तकनीक के व्यवहारिक उपयोग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पूरे सत्र में निर्धारित समय भी तय किया गया है, ताकि पढ़ाई व्यवस्थित तरीके से हो सके।नई शिक्षा व्यवस्था में मूल्यांकन प्रणाली में भी बदलाव किया जा रहा है। अब केवल लिखित परीक्षा पर निर्भरता कम होगी और प्रोजेक्ट वर्क, प्रैक्टिकल गतिविधियों और निरंतर मूल्यांकन को अधिक महत्व दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों की वास्तविक समझ और कौशल का सही आकलन करना है। इसके साथ ही छात्रों को डिजिटल दुनिया के जिम्मेदार उपयोग, डेटा प्राइवेसी और तकनीक के नैतिक पहलुओं के बारे में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बन सकें। गुरुग्राम के स्कूलों में इस बदलाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शिक्षकों को भी नई प्रणाली के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बच्चों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़ाकर नई सोच और कौशल आधारित शिक्षा दे सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से हजारों छात्रों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। शुरुआती स्तर से ही तकनीक और तर्क आधारित सीख मिलने से बच्चे भविष्य की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार कर पाएंगे और प्रतिस्पर्धी माहौल में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।