इस बार सूरज कूंड मेले में नहीं जाएगी गुरुग्राम रोडवेज की बसें
- गुरुग्राम रोडवेज ने खींचे हाथ, इस बार पर्यटकों को सिटी बसें पहुंचाएंगी गंतव्य तक इस बार सूरज कूंड मेले नहीं जाएगी गुरुग्राम रोडवेज

गुरुग्राम। विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला देखने जाने वाले गुरुग्राम के पर्यटकों के लिए इस बार सफर का तरीका बदलने वाला है। गुरुग्राम रोडवेज विभाग ने इस वर्ष मेले के लिए अपनी नियमित बसों का संचालन नहीं करने का कड़ा फैसला लिया है। पिछले वर्षों के विपरीत, इस बार रोडवेज की 10 बसों का काफिला गुरुग्राम बस स्टैंड से सूरजकुंड के लिए नहीं दौड़ेगा। रोडवेज विभाग के इस निर्णय के पीछे मुख्य कारण पिछले साल की तुलना में यात्रियों की बेहद कम संख्या है। विभाग का मानना है कि रोडवेज की बड़ी बसें चलाने से राजस्व का नुकसान होता है।
इस बार गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड की सिटी बसें मुख्य रूप से पर्यटकों को सूरजकुंड मेले तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालेंगी। - केवल इमरजेंसी में ही मिलेगी रोडवेज की सेवा रोडवेज अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी दिन पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है और सिटी बसें कम पड़ती हैं, तो मौके पर बैकअप के तौर पर एक या दो बसें तुरंत भेजी जा सकती हैं। हालांकि, प्रतिदिन का फिक्स शेड्यूल इस बार लागू नहीं होगा। बीते वर्षों तक रोडवेज विभाग मेले के दौरान विशेष काउंटर खोलकर करीब 10 बसों का संचालन करता था, लेकिन निजी वाहनों की बढ़ती संख्या और सिटी बसों की बेहतर कनेक्टिविटी के कारण रोडवेज की बसों में यात्रियों का टोटा रहने लगा था। इस बार रोडवेज की जगह सिटी बसें सूरज कूंड के लिए चलेंगी। रोडवेज की तरफ से आपात या भीड़ की स्थिति में मेले के लिए रोडवेज की एक से दो विशेष बसें चलाए जाएंगी। - अभिनव दुआ, टीएम, रोडवेज डिपो, गुरुग्राम।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




