सेक्टरों-कॉलोनियों में लावारिश मवेशियों के आंतक से परेशान शहरवासी
- एजेंसी और डेयरी संचालकों के बीच मिलीभगत का खेल, मवेशी मुक्त शहर का दावा केवल कागजों तक सीमित

गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी की सड़कों, सेक्टरों और कॉलोनियों में लावारिस मवेशियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन होने वाले हादसों और लगातार शिकायतों के बावजूद नगर निगम की मवेशी पकड़ने वाली टीम धरातल पर नाकाम साबित हो रही है। अब शहर के निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने निगम की एजेंसी और डेयरी संचालकों के बीच बड़े भ्रष्टाचार और मिलीभगत का सनसनीखेज आरोप लगाया है। हरी नगर आरडब्ल्यूए के प्रधान सुमित ने इस पूरे तंत्र की पोल खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि निगम जिस ठेकेदार को बार-बार ठेका दे रहा है, वह अधिकारियों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार का खेल खेल रहा है।
आरोप है कि यदि किसी इलाके से सात मवेशी पकड़े जाते हैं, तो गौशाला पहुंचते-पहुंचते उनकी संख्या केवल तीन से चार रह जाती है। सुमित के अनुसार, प्रत्येक मवेशी को गाड़ी से उतारने के लिए पांच हजार की रिश्वत तय है। यह खेल पुलिस और निगम अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद सरेआम चल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गाड़ी के साथ निगम की बोलेरो और अधिकारी चलते हैं, तो पकड़े गए मवेशी रास्ते में कैसे गायब हो जाते हैं डेयरी संचालकों को पहले ही मिल जाती है सूचना शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निगम की गाड़ी निकलने से पहले ही डेयरी संचालकों को फोन पर सूचना दे दी जाती है। यह सारा नेटवर्क कॉल डिटेल के जरिए पकड़ा जा सकता है। ठेकेदार के कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों की डेयरी संचालकों के साथ सांठगांठ इतनी गहरी है कि लावारिस मवेशी मुक्त शहर बनाने का निगम का दावा पूरी तरह हवाहवाई साबित हो रहा है। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस सिस्टम में सुधार नहीं हुआ और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वह निगम आयुक्त कार्यालय का घेराव करेंगे। शहर में जहां-जहां आवारा मवेशियों की शिकायतें आती है वहां अभियान चलाकार लगातार मवेशी पकड़े जा रहे हैं। बीते दो माह में 996 लावारिश मवेशी पकड़े जा चुके हैं। अगर एजेंसी द्वारा कहीं लापरवाही बरती जा रही है तो एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - डॉ नरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



