
स्लिप रोडके निर्माण से राजीव चौक पर जाम से राहत मिलेगी
गुरुग्राम के राजीव चौक पर यातायात को सुगम बनाने के लिए जीएमडीए बैठक आयोजित करेगी। यहां स्लिप रोड निर्माण का प्रस्ताव है, जिससे वाहन चालकों को सिग्नल पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एनसीआरटीसी द्वारा नमो भारत ट्रेन के लिए भूमिगत स्टेशन बनाने की भी योजना है।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। मिलेनियम सिटी के व्यस्ततम चौराहों में शामिल राजीव चौक पर यातायात को सुगम करने की तैयारी गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से की जा रही है। इस सिलसिले में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में जल्द बैठक होगी। इस बैठक में बीएसएनएल और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहेंगे। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक एक तरफ से गुरुग्राम-सोहना हाईवे और दूसरी तरफ से ओल्ड रेलवे रोड से जुड़ा हुआ है। एनएचएआई ने गुरुग्राम-सोहना हाईवे और ओल्ड रेलवे रोड के आवागमन को आसान करने के लिए अंडरपास का निर्माण कर लिया है, लेकिन यातायात दबाव अधिक होने के कारण इस चौराहे पर वाहन चालकों को सुबह और शाम के समय आठ से दस मिनट के लिए रूकना पड़ता है।
गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जयपुर की तरफ जाने के लिए स्लिप रोड नहीं है, जिस दिशा में जीएमडीए की तरफ से कदम बढ़ाया गया है। इस चौक पर बीएसएनएल की जमीन है, जिसमें कार्यालय और अधिकारियों व कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी विकसित है। जीएमडीए की योजना है कि गुरुग्राम-सोहना हाईवे से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जयपुर की तरफ मुड़ने वाले वाहन चालकों के लिए यदि स्लिप रोड का निर्माण कर दिया जाए तो उन्हें यातायात सिग्नल पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सड़क, परिवहन और राजमार्ग के सचिव की अध्यक्षता में बैठक में इस सर्विस रोड के निर्माण से राहत मिलने की बात कही गई है। जीएमडीए और एनएचएआई की तरफ से स्लिप रोड निर्माण के लिए बीएसएनएल से जमीन देने का आग्रह किया है। इस सिलसिले में अगले सप्ताह में बैठक होगी। बता दें कि इस चौक से रोजाना करीब एक लाख वाहन निकलते हैं। नमो भारत ट्रेन के लिए जमीन की जरूरत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली के सराय रोहिल्ला से गुरुग्राम होते हुए बावल तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के तहत राजीव चौक पर मिनी सचिवालय के सामने भूमिगत स्टेशन बनाने की योजना बनाई है। योजना के मुताबिक इस स्टेशन में एक प्रवेश और निकासी का द्वार जयपुर से दिल्ली की तरफ होगा तो दूसरा प्रवेश और निकासी का द्वार दिल्ली से जयपुर की तरफ होगा। ऐसे में बीएसएनएल की जमीन पर यह द्वार बनाए जाएंगे। एनसीआरटीसी की तरफ से भी हरियाणा सरकार से प्रवेश और निकासी द्वार बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। शहर के दो चौराहे नए सिरे से बनेंगे गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी के दो चौराहों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नए सिरे से बनाया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और यातायात पुलिस के साथ मिलकर इस दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा। जीएमडीए ने बसई चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक जा रही मुख्य सड़क पर सेक्टर-नौ-नौए के तिराहे को दुरुस्त करने की योजना बनाई है। इस रूट पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो आनी है। बसई तालाब के समीप मेट्रो स्टेशन का निर्माण भी किया जाएगा। इसके मद्देनजर जीएमडीए ने एचएसवीपी से इस मुख्य सड़क के आसपास लगती उसके स्वामित्व की जमीन से जुड़ी जानकारी मांगी है। इसकी जानकारी मिलने के बाद सेक्टर-नौ-नौए की मुख्य सड़क पर दोनों तरफ स्लिप रोड निर्माण की योजना बनाई जाएगी। सर्विस रोड को मुख्य रोड से जोड़ने की योजना को तैयार किया जाएगा। इस योजना में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) और यातायात पुलिस को शामिल किया जाएगा। जीएमआरएल से मेट्रो रूट से जुड़ी पूरी जानकारी ली जाएगी। यह ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की जाएगी कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के दौरान वाहन चालकों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए। इसके अलावा सेक्टर-नौ, नौए, चार और सात एक्सटेंशन के चौक को दुरुस्त करने की योजना पर जीएमडीए की तरफ से काम किया जा रहा है। मौजूदा समय में सेक्टर-चार-सात चौक से सात एक्सटेंशन की तरफ आने के दौरान स्लिप रोड बदहाल अवस्था में है। इसके अलावा अन्य तीनों मुख्य सड़कों पर स्लिप रोड की कमी है। इस कारण इस चौराहे पर यातायात जाम लग जाता है। सुबह और शाम के समय तो वाहन चालकों को लंबे समय तक यातायात जाम में फंसना पड़ता है। मामले में खास बात यह है कि सिटी बस और हरियाणा रोडवेज की बसों का इस रोड से आना-जाना रहता है। रोजाना करीब 70 हजार वाहनों का इस सड़क पर आवागमन है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




