लावारिश कुत्तों को हटाने के लिए चार शेल्टर होम बनेंगे

Jan 08, 2026 10:41 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

- बसई और बेगमपुर खटोला के बाद दो नई जगहें चिन्हित; निजी एजेंसियां करेंगी संचालन, सार्वजनिक स्थलों से सबसे पहले हटाए जाएंगे हिंसक कुत्ते

लावारिश कुत्तों को हटाने के लिए चार शेल्टर होम बनेंगे

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में पिछले कुछ महीनों से आतंक का पर्याय बन चुके लावारिस कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने एक ठोस रणनीति तैयार की है। शहर की सड़कों, पार्कों और अस्पतालों के बाहर जमा रहने वाले 50 हजार से अधिक आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए अब शहर में 4 आधुनिक शेल्टर होम तैयार किए जा रहे हैं। इन शेल्टर होम्स में कुत्तों को रखने, उनके इलाज और नसबंदी की पुख्ता व्यवस्था होगी। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में बसई और बेगमपुर खटोला में शेल्टर होम की व्यवस्था है, लेकिन शहर की विशाल आबादी को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं हैं।

दो नए शेल्टर होम के लिए नए गुरुग्राम और पुराने शहर के बाहरी हिस्सों में जमीन चिन्हित की जा रही है। इन चारों शेल्टर होम्स का संचालन नगर निगम स्वयं न करके विशेषज्ञ निजी एजेंसियों और प्रतिष्ठित संस्थाओं को सौंपेगा। इससे कुत्तों के रखरखाव और नसबंदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी। सार्वजनिक स्थलों को डॉग फ्री बनाने की प्राथमिकता निगम की नई योजना के तहत सबसे पहले रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सरकारी स्कूलों और सार्वजनिक पार्कों से लावारिस कुत्तों को हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। जो कुत्ते लोगों पर हमला कर रहे हैं या जो बीमार हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उठाकर शेल्टर होम शिफ्ट किया जाएगा। निजी एजेंसियों को ऐसी टीमें तैनात करनी होंगी जो शिकायत मिलने के तुरंत बाद मौके पर पहुँचकर कुत्ते को रेस्क्यू कर सकें। एनीमल बर्थ कंट्रोल पर विशेष फोकस शहर में कुत्तों की संख्या एक अनुमान के अनुसार 50 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिसे रोकना निगम के लिए बड़ी चुनौती है। नए शेल्टर होम्स में नसबंदी की क्षमता को दोगुना किया जाएगा। पकड़े गए हर कुत्ते का एंटी-रेबीज टीकाकरण अनिवार्य होगा। प्रत्येक कुत्ते का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा ताकि यह पता रहे कि किस क्षेत्र में कितने कुत्तों की नसबंदी हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का होगा पालन यह पूरी कवायद सुप्रीम कोर्ट की उस हालिया टिप्पणी के बाद तेज हुई है, जिसमें सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोपरि बताया गया था। निगम अधिकारियों का कहना है कि शेल्टर होम की संख्या बढ़ने से सड़कों पर कुत्तों का जमावड़ा कम होगा और शहरवासियों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों में बना डर का माहौल खत्म होगा। निगम की इस योजना पर अगले कुछ हफ्तों में काम शुरू होने की उम्मीद है, जिससे गुरुग्राम को आवारा कुत्तों के आतंक से बड़ी राहत मिल सकती है। चारों शेल्टर होम अगले सप्ताह से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसको लेकर संबधित एजेंसियों निर्देश दिए गए हैं। - डॉ आशीष सिंगला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम, गुरुग्राम।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।