
मिशन बुनियाद परीक्षा के लिए गुड़गांव ब्लॉक से सबसे ज्यादा पंजीकरण, 26 दिसंबर को देंगे परीक्षा
चारों ब्लॉकों से कुल 5800 छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन मिशन बुनियाद परीक्षा के लिए गुड़गांव ब्लॉक से सबसे ज्यादा पंजीकरण, 26 दिसंबर को देंगे परीक्षा
गुरुग्राम। जिले में मिशन बुनियाद के तहत आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 26 दिसंबर को होने वाली इस परीक्षा में जिले के चार प्रमुख ब्लॉकों से बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। खास बात यह है कि गुड़गांव ब्लॉक से सबसे अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जिससे जिले में इस योजना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आंकड़ों के अनुसार, गुड़गांव ब्लॉक से 2986 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं सोहना ब्लॉक से 1317, फरुखनगर ब्लॉक से 829 और पटौदी ब्लॉक से 668 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे।
इस तरह चारों ब्लॉकों से कुल 5800 छात्र मिशन बुनियाद की परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि मिशन बुनियाद के माध्यम से छात्रों की बुनियादी शैक्षणिक समझ को मजबूत करने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से गुड़गांव ब्लॉक में बड़ी संख्या में पंजीकरण यह दर्शाता है कि छात्र इस योजना को लेकर गंभीर हैं और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र ने कहा कि मिशन बुनियाद के तहत कराई जा रही यह परीक्षा छात्रों की नींव मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार अधिक से अधिक छात्र अच्छा प्रदर्शन करेंगे। शिक्षकों द्वारा लगातार मार्गदर्शन और छात्रों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा, छात्रों से हमें बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि परीक्षा के बाद चयनित छात्रों को आगे विशेष सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि वे आगामी कक्षाओं में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। शिक्षा विभाग के अनुसार मिशन बुनियाद के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। 26 दिसंबर को पहले चरण की परीक्षा होगी, जिसका परिणाम 20 जनवरी को घोषित किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण की परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके लिए 20 जनवरी को ही प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे और 30 जनवरी को परीक्षा आयोजित की जाएगी। दूसरे चरण का परिणाम 25 फरवरी को घोषित किया जाएगा। तीसरे और अंतिम चरण की परीक्षा तथा ओरिएंटेशन कार्यक्रम 3 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जबकि इसका परिणाम 5 मई को जारी होगा। चयनित छात्रों के लिए 15 मई से नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




