ग्रेटर एसपीआर के निर्माण को लेकर सलाहकार नियुक्त
- सलाहकार कंपनी की तरफ से इस रोड के निर्माण की डीपीआर तैयार की जाएगी- सलाहकार कंपनी की तरफ से इस रोड के निर्माण की डीपीआर तैयार की जाएगी

गुरुग्राम। ग्रेटर एसपीआर के निर्माण को लेकर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सलाहकार नियुक्त कर दिया है। सलाहकार की तरफ से करीब छह किमी लंबे इस रोड के निर्माण की डीपीआर तैयार की जाएगी। इस रोड के बनने के बाद एसपीआर पर यातायात का दबाव कम हो जाएगा। गोल्फ कोर्स रोड और गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे जाना आसान हो जाएगा। ग्रेटर एसपीआर के लिए (गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से गुरुग्राम-सोहना रोड को जोड़ने के लिए नया रोड) छह गांवों की करीब 276 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। नवंबर माह के दूसरे सप्ताह में इस जमीन के अधिग्रहण को लेकर सेक्शन छह के नोटिस जारी हुए थे।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से इस जमीन का अधिग्रहण, भूमि अधिग्रहण विभाग से करवाया जा रहा है। फरवरी माह में इस जमीन अधिग्रहण को लेकर अवॉर्ड सुनाया जाएगा, जिसके बाद जमीन मालिकों को मुआवजा देने के साथ इस जमीन का कब्जा लिया जाएगा। इस नए रोड के निर्माण के लिए गांव बहरामपुर की करीब 26 एकड़, उल्लावास की करीब 17 एकड़, कादरपुर की करीब 77 एकड़, मैदावास की करीब 50 एकड़, घूमसपुर की करीब 54 एकड़, बादशाहपुर की करीब 51 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। सेक्टर-58 से 67 की बाहरी सड़क होगी यह मुख्य सड़क सेक्टर-58 से लेकर 67 की बाहरी सड़क होगी। अभी इन सेक्टरों के निवासियों को यदि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ जाना होता है तो पहले उन्हें एसपीआर की तरफ आना पड़ता है। इसके बाद वाटिका चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ जाना पड़ता है। इस नए रोड के बनने के बाहर इन सेक्टरों के निवासी बाहरी रोड से निकल जाएंगे, जिससे एसपीआर पर यातायात का दबाव कम हो जाएगा। वहीं, दिल्ली-जयपुर हाईवे, गोल्फ कोर्स रोड और फरीदाबाद रोड के वाहन चालक सेक्टर-58 और सेक्टर-59 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क से होकर ग्रेटर एसपीआर पर आसानी से पहुंच जाएंगे। मौजूदा समय पर एसपीआर पर एक लाख वाहन दौड़ते हैं मौजूदा समय गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ रही एसपीआर (सर्दर्न पेरिफेरियल रोड) पर सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव बेहद अधिक होता है। करीब छह किमी लंबे इस रोड को पार करने में कभी कभार तो 40 से 45 मिनट का समय लग जाता है। सुबह और शाम के समय तो स्थिति बेहद खराब होती है। लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में माना जा रहा है कि नया रोड बनने के बाद एसपीआर पर आवागमन सुगम हो जाएगा। गुरुग्राम-सोहना हाईवे को मानेसर से जोड़ा जाएगा गुरुग्राम-सोहना हाईवे को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर के समीप जोड़ने के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। फरवरी माह में भूमि अधिग्रहण विभाग की तरफ से धारा छह के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे। यह रोड ग्रेटर एसपीआर का एक हिस्सा है। इसके लिए करीब 394 एकड़ जमीन का अधिग्र्रहण किया जा रहा है। इसमें गांव अकलीमपुर की छह एकड़, टीकली की 63 एकड़, सकतपुर की 68 एकड़, शिकोहपुर की 16 एकड़, नौरंगपुर की 49 एकड़, बाढ गुर्जर की 99 एकड़, मानेसर की 33 एकड़ और नैनवाल की 60 एकड़ जमीन शामिल है। कोट :- ग्रेटर एसपीआर के बनने के बाद एसपीआर पर यातायात का दबाव कम हो जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिल्ली-जयपुर हाईवे, गोल्फ कोर्स रोड और गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से आसानी से आ जा सकेंगे। ग्रेटर एसपीआर के गुरुग्राम-सोहना हाईवे से लेकर दिल्ली-जयपुर हाईवे के मानेसर तक का निर्माण होने के बाद एक बाहरी रिंग रोड बन जाएगा। जमीन अधिग्रहण होने के बाद इन परियोजनाओं पर अतिशीघ्र काम शुरू किया जाएगा। - पीसी मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीएमडीए

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




