
डाक खाना चौक पर बहुमंजिला पार्किंग बनाने की प्रक्रिया फिर शुरू होगी
संक्षेप: गुरुग्राम के डाकखाना चौक पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य नौ साल से लंबित है। नगर निगम ने दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। पहले एक एजेंसी को कार्य सौंपा गया था, लेकिन उसने काम करने से इनकार कर दिया। पार्किंग में 200 वाहनों की क्षमता होगी और इसकी दरें निगम द्वारा तय की जाएंगी।
गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। गुरुग्राम के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक डाकखाना चौक पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य पिछले नौ सालों से लंबित है। अब नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने इस परियोजना को गति देने के लिए दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। इस पार्किंग का निर्माण कार्य सबसे पहले 2017 में एक एजेंसी को सौंपा गया था। हालांकि, अब उस एजेंसी ने काम करने से साफ इनकार कर दिया है। सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि बिना काम शुरू किए ही निगम द्वारा इस एजेंसी को दो करोड़ से अधिक का भुगतान पहले ही किया जा चुका था।

अब निगम प्रशासन इस राशि को वापस लेने के लिए जल्द ही एजेंसी को पत्र लिखेगा। गुरुग्राम नगर निगम ने इस परियोजना के लिए 43 करोड़ आवंटित किए थे। डाकखाना चौक पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन अब एजेंसी ने निर्माण कार्य करने से इंकार कर दिया है। नगर निगम ने इस पार्किंग में 200 वाहनों की क्षमता तय की गई थी। जब पार्किंग शुरू हो जाएगी, तब इसमें घंटे के हिसाब से शुल्क लिया जाएगा, जिसकी दरें नगर निगम तय करेगा। जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू: टेंडर प्रक्रिया दोबारा शुरू करने से पहले, निगम ने परियोजना स्थल की जमीन से संबंधित एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम की तरफ से इस जमीन को औपचारिक रूप से निगम को हस्तांतरित करने के लिए राजस्व विभाग को पत्र लिखा गया है। जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नई टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा। डाकखाना चौक पर पार्किंग का निर्माण यातायात प्रबंधन और भीड़भाड़ कम करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। निगम अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार टेंडर प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी होगी और यह बहुप्रतीक्षित परियोजना जल्द ही धरातल पर उतर सकेगी। कमान सराय में बनेगी समतल पार्किंग नगर निगम ने कमान सराय में भी एक समतल पार्किंग का निर्माण करने की योजना बनाई है। हालांकि यहां भी निगम की तरफ से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य करने की योजना तैयार की थी, लेकिन जमीन पर अतिक्रमण और मामला अदालत में जाने के कारण इस योजना पर भी नौ साल से ब्रेक लगा हुआ है। अब निगम के पास जो जमीन है उस पर समतल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। डाकखाना चौक पर पार्किंग के निर्माण के लिए जिस एजेंसी को टेंडर दिया गया था। उसने निगम को लिखित में काम नहीं करने के लिए पत्र सौंपा हुआ है। अब इस टेंडर को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसको लेकर नए सिरे से अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




