
एनपीआर निर्माण के टेंडर को मुख्यमंत्री की मंजूरी का इंतजार
गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित ऐलान मॉल से गांव खेड़की दौला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए टेंडर का इंतजार है। जीएमडीए ने तीन महीने पहले टेंडर आमंत्रित किए थे, जिसमें चार कंपनियों ने आवेदन किया है। इस सड़क का निर्माण स्थानीय निवासियों की लंबे समय से मांग है।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। सेक्टर-84 स्थित ऐलान मॉल से सेक्टर-83 होते हुए गांव खेड़की दौला को जोड़ रही सड़क (एनपीआर) के टेंडर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी मिलने का इंतजार है। इसके बाद गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से बोली में सफल रहे ठेकेदार को टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा। जीएमडीए ने तीन महीने पहले इस सड़क के निर्माण को लेकर टेंडर आमंत्रित किए थे। इसके तहत चार कंपनियों ने आवेदन किया है। टेंडर में आरक्षित कीमत 19 करोड़ रुपये है। इस राशि से नए सिरे से इस मुख्य सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके बनने के बाद सेक्टर-82, 82ए, 83 में विकसित रिहायशी सोसाइटियों के अलावा गांव सिंही और खेड़की दौला के निवासियों को राहत मिलेगी।
जीएमडीए की मौजूदा योजना के मुताबिक इस मुख्य सड़क को तीन-तीन लेन का नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इसके दोनों तरफ बरसाती नाले के साथ-साथ फुटपाथ तैयार किए जाएंगे। मौजूदा समय में यह सड़क बदहाल अवस्था में है। आधे से एक फीट तक इस सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। इसकी वजह से सड़क हादसा होने की संभावना रहती है। इस मुख्य सड़क का नए सिरे से निर्माण करने की मांग स्थानीय निवासी पिछले पांच साल से कर रहे हैं। वाटिका सिटी के निवासी इस मुख्य सड़क के माध्यम से द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ आते हैं। अभी सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। इस वजह से काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। दुपहिया वाहनों के स्लिप होने का खतरा है। लंबे समय से इस मुख्य सड़क के निर्माण की मांग कर रहे हैं। - महेश यादव, निवासी, वाटिका सिग्नेचर विला, सेक्टर-82 रोजाना हजारों की संख्या में इस सड़क से वाहन निकलते हैं। गांव सिंही और गांव खेड़की दौला के निवासियों का इस मुख्य सड़क से आना-जाना होता है। सड़क के बदहाल होने के कारण दोनों गांवों के हजारों परिवारों को परेशानियां हो रही हैं। जीएमडीए से निवेदन है कि इस मुख्य सड़क का निर्माण जल्द किया जाए। - राकेश कुमार, निवासी, गांव सिंही इस मुख्य सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इसको लेकर टेंडर जारी किए थे। तकनीकी और वित्तीय बिड को खोला जा चुका है। टेंडर आवंटन की प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा। - अभिनव वर्मा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




