राजेंद्रा पार्क में भारी वाहन गुजरने से सड़क धंसी
गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में सड़क धंसने से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। तीन महीने पहले यहां सीवर लाइन का कार्य पूरा हुआ था, लेकिन सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। अब इस घटना ने साफ किया है कि नगर निगम के अधिकारी कार्य की सही निगरानी नहीं कर रहे हैं।

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विष्णु गार्डन कॉलोनी के सामने एक भारी वाहन के गुजरने के दौरान निगम के मुख्य सड़क अचानक धंस गई, जिससे वहां गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आसपास रहने वाले नागरिकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब तीन महीने पहले ही नगर निगम ने यहां सीवर लाइन डालने का कार्य पूरा किया था। उस वक्त भी लोगों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे और आरोप लगाया था कि मिट्टी की ठीक से कुटाई किए बिना ही सड़क बना दी गई।
इसी लापरवाही का नतीजा है कि पहली ही बड़ी चुनौती में सड़क ने दम तोड़ दिया। शहर में धंसती सड़कों का सिलसिला जारी बता दें कि गुरुग्राम की सड़कों का धंसना अब आम बात हो गई है। अभी दो दिन पहले ही मदनपुरी इलाके में भी भारी वाहन गुजरने के कारण सड़क इसी तरह धंस गई थी। अब राजेंद्रा पार्क में हुई इस घटना ने साफ कर दिया है कि निगम के अधिकारी फील्ड में काम की निगरानी करने के बजाय ऑफिसों में बैठकर कागजी खानापूर्ति कर रहे हैं। हादसों को दावत दे रहे गड्ढे विष्णु गार्डन के सामने धंसी यह सड़क किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। स्थानीय निवासी अमित और सुंदर ने बताया कि रात के समय यहां अंधेरा रहता है और अगर कोई दोपहिया वाहन चालक इस गड्ढे की चपेट में आया तो उसकी जान भी जा सकती है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पूरी लाइन की दोबारा जांच कराई जाए। जहां सड़क धंसी है वहां ठेकेदार को मरम्मत करने के निर्देश दे दिए हैं। दो दिन में इसकी मरम्मत करवा दी जाएगी। - सुंदर श्योराण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



