सड़क दुर्घटना में घायल युवक अस्पताल में भर्ती
गुरुग्राम में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा ब्रेक लगाए जाने से 25 वर्षीय सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। वह एक सप्ताह से अस्पताल में बेहोश है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। सचिन का घुटना चकनाचूर और चेहरे की हड्डियां टूट गई हैं।

गुरुग्राम,गौरव चौधरी। देवीलाल स्टेडियम के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से हुए भीषण सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक पिछले एक हफ्ते से अस्पताल में बेहोश है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सोहना शहर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में सोहना की पहाड़ कॉलोनी निवासी सुनील ने बताया कि छह अप्रैल 2026 की रात करीब 9:20 बजे उसका छोटा भाई सचिन अपनी स्पलेंडर बाइक पर गुरुग्राम से काम खत्म कर घर लौट रहा था।
जैसे ही वह सोहना के देवीलाल स्टेडियम के पास पहुंचा, सामने चल रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने बेहद लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए अचानक जोर से ब्रेक मार दिए।ट्रैक्टर के अचानक रुकने से सचिन की बाइक पीछे से उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन के दाहिने पैर का घुटना पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि उसके माथे और जबड़े की हड्डियां भी टूट गईं। घायल अवस्था में उसे तुरंत सोहना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह अभी भी अचेत में है।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस जब अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टर ने सचिन को बयान देने के लिए अनफिट बताया। इसके बाद 13 अप्रैल को पीड़ित के भाई सुनील ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


