फ्लैटों की रजिस्ट्री न कराने पर बिल्डर दफ्तर पर हंगामा

फ्लैटों की रजिस्ट्री न कराने पर बिल्डर दफ्तर पर हंगामा

संक्षेप:

गुरुग्राम के आरएमजी रेजिडेंसी सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ नाराजगी जताई। चार साल पहले फ्लैट का कब्जा मिलने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं हुई है। बिल्डर ने बकाया राशि के कारण रजिस्ट्री नहीं करवाई, जिससे निवासी परेशान हैं। यदि समस्या हल नहीं होती है, तो वे प्रदर्शन करने की चेतावनी दे रहे हैं।

Dec 11, 2025 10:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम। सेक्टर-37सी स्थित आरएमजी रेजिडेंसी सोसाइटी के निवासियों ने गुरुवार को गुरुग्राम-सोहना रोड पर नानेक्स सिटी स्थित बिल्डर कार्यालय में पहुंचकर नाराजगी जाहिर की। फ्लैट खरीदारों का आरोप है कि चार साल पहले इस बिल्डर ने फ्लैट का कब्जा दे दिया था, लेकिन अब तक रजिस्ट्री नहीं करवाई है। हरियाणा सरकार की किफायती आवास योजना के तहत आरएमजी रेजिडेंट सोसाइटी विकसित है। इसमें मौजूदा समय में करीब सवा सात सौ परिवार रह रहे हैं। साल 2021 में इन फ्लैट खरीदारों को कब्जा दिया था। इस बिल्डर ने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से कब्जा प्रमाण पत्र लेने के बाद इन फ्लैट की रजिस्ट्री इन खरीदारों के नाम पर करवानी थी, लेकिन करीब पौने दो करोड़ रुपये बकाया होने के चलते कब्जा प्रमाण पत्र नहीं मिला है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस वजह से सोसाइटी निवासी बेहद परेशान हैं। सोसाइटी के एक निवासी ने बताया कि वह फ्लैट बेचना चाहते हैं, लेकिन रजिस्ट्री नहीं होने के चलते बेच नहीं पा रहे हैं। गुरुवार सुबह फ्लैट खरीदारों ने बिल्डर से मुलाकात की। बिल्डर ने बताया कि 15 लाख रुपये नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग कार्यालाय में जमा करवाए हैं। बकाया राशि को एक सप्ताह के अंदर जमा करवा दिया जाएगा। इसके बाद फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री करवाई जाएगी। फ्लैट खरीदार अमोद और विजय ने बताया कि इस समयावधि में यदि यह विवाद नहीं सुलझता है तो बिल्डर कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।