
रैपिड मेट्रो में सफर करने वाले यात्री 14 फीसदी तक बढ़े
गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो में यात्रियों की संख्या पिछले साल की तुलना में 13.59 प्रतिशत बढ़ी है। अप्रैल से जुलाई तक के चार महीनों में यात्रियों की संख्या 62.49 लाख रही। एचएमआरटीसी ने बताया कि रैपिड...
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर दौड़ रही रैपिड मेट्रो का सफर यात्रियों को पसंद आने लगा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल अब तक यात्रियों की संख्या में 13.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल चार महीने में यात्रियों की संख्या करीब 53.27 लाख थी, जो इस साल इन महीनों में बढ़कर करीब 62.49 लाख हो गई। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (एचएमआरटीसी) की तरफ से तैयार रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल से लेकर जुलाई माह तक यात्रियों की संख्या का आंकलन किया है। पिछले साल अप्रैल में करीब 12.56 लाख, मई में करीब 13.73 लाख, जून में करीब 12.43 लाख और जुलाई में करीब 14.54 लाख यात्रियों ने रैपिड मेट्रो में सफर किया था।

इस साल अप्रैल में करीब 15.08 लाख, मई में 15.27 लाख, जून में 14.67 लाख, जुलाई में 17.46 लाख यात्रियों ने सफर किया है। बता दें कि रैपिड मेट्रो की लंबाई 12.85 किमी है। यह गोल्फ कोर्स रोड पर शंकर चौक से लेकर सेक्टर-55-56 तक चलती है। इसमें 11 मेट्रो स्टेशन हैं। इसमें न्यूनतम किराया 20 रुपये, जबकि अधिकतम किराया 35 रुपये है। दिल्ली से डीएलएफ साइबर सिटी में नौकरी कर रहे युवक-युवतियां इसके ऊपर अधिक सफर कर रहे हैं। रैपिड मेट्रो का संचालन जीएमआरएल करेगी मौजूदा समय में रैपिड मेट्रो का संचालन दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) की तरफ से किया जा रहा है, लेकिन इसका संचालन गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की तरफ से किया जाएगा। सितंबर, 2019 में एचएमआरटीसी ने डीएमआरसी को इस मेट्रो के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब इसे वापस लेने की तैयारी की जा रही है। इस मेट्रो के संचालन को लेकर एचएमआरटीसी और डीएमआरसी के बीच में पांच साल का समझौता था। विज्ञापन से आय में इजाफा हुआ रैपिड मेट्रो में विज्ञापन से पिछले साल उपरोक्त चार महीनों में आमदनी 6.11 करोड़ रुपये हुई थी। इस साल यह आमदनी 11.26 करोड़ रुपये हुई है। इस तरह मार्केटिंग में 38.40 लाख रुपये की आय हुई है, जो पिछले साल शून्य थी। चार महीनों में इस साल दुकानों से किराये के रूप में 1.29 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। इसके अलावा मेट्रो पिलर पर विज्ञापन से 58.34 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है, जिसमें एचएमआरटीसी का हिस्सा करीब 35 करोड़ रुपये है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




