Gurgaon News: स्वतंत्रता दिवस: फुल ड्रेस रिहर्सल आज, देशभक्ति के रंग में रंगेगा देवीलाल स्टेडियम
Gurgaon News: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, गुरुवार को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल स्वतंत्रता दिवस: फुल ड्रेस रिहर्सल आज, देशभक्ति के रंग में रंगेगा

Gurgaon News: गुरुग्राम, साक्षी रावत। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। सुबह नौ बजे होने वाली इस रिहर्सल में ध्वजारोहण से लेकर मार्च पास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण और शहीद परिवारों के सम्मान तक पूरा कार्यक्रम उसी क्रम में दोहराया जाएगा, जिस तरह 15 अगस्त को मुख्य समारोह में आयोजित किया जाना है। बुधवार को स्टेडियम में विभिन्न स्कूलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया। देशभक्ति गीतों, वीर गाथाओं और राष्ट्रभावना से जुड़ी प्रस्तुतियों को अंतिम रूप देने के लिए विद्यार्थी और शिक्षक काफी देर तक अभ्यास में जुटे रहे। इस बार समारोह में करीब छह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इनके अलावा पीटी, डंबल और लेजियम शो भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। अलग-अलग प्रस्तुतियों में तीन हजार से अधिक विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं。
फुल ड्रेस रिहर्सल की तैयारी
फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और मार्च पास्ट तक सभी गतिविधियों का समय के अनुसार अभ्यास किया जाएगा। पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, प्रजातंत्र के प्रहरी, स्टूडेंट पुलिस कैडेट और एनसीसी की टुकड़ियां मार्च पास्ट में शामिल होंगी। ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियां भी इसमें हिस्सा लेंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करवा रही जिला नोडल अधिकारी संगीता ने बताया कि 6 सांस्कृतिक कार्यक्रम यहां पर आयोजित किए जाएंगे। जिसमें हरियाणवी संस्कृति के साथ-साथ वंदे मातरम, पंजाबी भांगड़ा समेत अन्य कार्यक्रम देखने को मिलेंगे। जिसमें सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
सम्मान समारोह
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों के सम्मान के साथ विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। ऐसे में रिहर्सल के दौरान मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, परेड की टाइमिंग और पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया को भी परखा जाएगा।
अभ्यास की देखरेख
सीटीएम ज्योति नागपाल के मार्गदर्शन में बुधवार को सांस्कृतिक टीमों ने मुख्य आयोजन स्थल पर अभ्यास किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सामने आने वाली छोटी से छोटी कमी को भी दूर किया जाएगा, ताकि मुख्य समारोह में कार्यक्रम निर्धारित समय और क्रम के अनुसार सुचारु रूप से आयोजित हो सके। जिला प्रशासन की ओर से समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह के साथ उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सोहना में फुल ड्रेस रिहर्सल
सोहना में आठ स्कूलों के विद्यार्थियों ने की फुल ड्रेस रिहर्सल:
शनिवार को सोहना के ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में होने वाले खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को राजकीय संस्कृत मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में करीब आठ सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने फुल ड्रेस रिहर्सल की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अभ्यास किया। चार सदस्यीय टीम ने प्रस्तुतियों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। टीम में नायब तहसीलदार बीरसिंह, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य चित्रा, संस्कृत मॉडल स्कूल की योगिता और प्राध्यापक कृष्ण कुमार शामिल रहे।


