Gurgaon News: स्वतंत्रता दिवस: साइबर हब से आरडब्ल्यूए तक तिरंगे के रंग में रंगा गुरुग्राम
Gurgaon News: टेक कंपनियों, स्टार्टअप्स और सोसाइटियों में देशभक्ति कार्यक्रमों की तैयारी स्वतंत्रता दिवस: साइबर हब से आरडब्ल्यूए तक तिरंगे के रंग में रंगा गुरुग्राम

Gurgaon News: गुरुग्राम, साक्षी रावत। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुग्राम में माहौल दो रंगों में नजर आ रहा है। एक तरफ साइबर हब से लेकर आवासीय सोसाइटियों तक तिरंगे की सजावट और देशभक्ति कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है, तो दूसरी ओर 15 अगस्त को छुट्टी और सप्ताहांत को जोड़कर परिवारों ने घूमने-फिरने की योजनाएं भी बनानी शुरू कर दी हैं। शहर के आसपास अरावली की पहाड़ियां, दमदमा झील, लेपर्ड ट्रेल, अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क और सोहना क्षेत्र के रिसॉर्ट स्थानीय लोगों के लिए छोटे ब्रेक के विकल्प बने हुए हैं। गुरुग्राम जिला प्रशासन की पर्यटन सूची में भी दमदमा झील और सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी
साइबर सिटी में कॉरपोरेट अंदाज में आजादी का जश्न: डीएलएफ साइबर हब, गोल्फ कोर्स रोड, एमजी रोड और आसपास के कॉरपोरेट इलाकों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर कंपनियों और स्टार्टअप्स में गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई कार्यालयों में तिरंगे की सजावट, देशभक्ति थीम पर ड्रेस कोड, क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कर्मचारियों के लिए छोटे आयोजन किए जा रहे हैं। कुछ कंपनियां कर्मचारियों और उनके परिवारों को जोड़कर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में हैं।आवासीय सोसाइटियों में भी बच्चों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सेक्टर-48, 50, 65, 67, 70 और नए गुरुग्राम की कई सोसाइटियों में आरडब्ल्यूए स्तर पर ध्वजारोहण, देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता, चित्रकला और बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं कराने की तैयारी है। शाम के समय सोसाइटियों के क्लब और कॉमन एरिया में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है।
मॉल में खरीदारी के साथ देशभक्ति का रंग
एंबियंस मॉल, एमजीएफ मेट्रोपॉलिटन मॉल, एमजीएफ मेगासिटी मॉल, डीएलएफ साइबर हब और गोल्फ कोर्स रोड के आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के सप्ताहांत को देखते हुए गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। परिवारों के लिए शॉपिंग, खानपान और मनोरंजन के साथ स्वतंत्रता दिवस आधारित सजावट और गतिविधियां आकर्षण का हिस्सा रहेंगी।
सदर बाजार में तिरंगे की मांग
पुराने गुरुग्राम के सदर बाजार में स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगे, झंडियां, बैज और सजावटी सामान की मांग बढ़ी है। लोग घरों, दुकानों, कार्यालयों और सोसाइटियों के लिए तिरंगे खरीद रहे हैं। खादी और स्वदेशी उत्पादों को लेकर भी बाजार में खरीदारी का माहौल है। छोटे दुकानदारों से लेकर संस्थानों तक 15 अगस्त की तैयारी के लिए सामान खरीदा जा रहा है।
अरावली में वीकेंड का प्लान
लंबे ब्रेक के कारण शहर के आसपास घूमने की योजना बनाने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण अरावली क्षेत्र बना हुआ है। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड की तरफ जाने वाला अरावली बेल्ट, मांगर क्षेत्र, दमदमा और सोहना रोड के आसपास के इलाके परिवारों और युवाओं के लिए ड्राइव, नेचर वॉक और आउटडोर गतिविधियों के विकल्प हैं। इसके आसपास का क्षेत्र ट्रैकिंग, हाइकिंग और आउटडोर गतिविधियों के लिए जाना जाता है। लेपर्ड ट्रेल की आधिकारिक जानकारी में ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, माउंटेन बाइकिंग, ऑफ-रोडिंग और कैंपिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। शहर के भीतर प्रकृति के बीच समय बिताने का विकल्प है, जबकि सोहना के पास परिवारों के लिए प्रमुख स्थानीय पर्यटन स्थल है।
गुरुग्राम में घूमने के विकल्प
अरावली-फरीदाबाद रोड में ड्राइव, पहाड़ी नजारे और आउटडोर गतिविधियों के लिए लोकप्रिय क्षेत्र है। वहीं लेपर्ड ट्रेल में ट्रेकिंग, हाइकिंग, साइकिलिंग और एडवेंचर गतिविधियों के लिए युवाओं की पसंद बन रहा है। मांगर-मांगरबानी क्षेत्र अरावली का प्राकृतिक इलाका, जहां लोग नेचर ड्राइव और हाइकिंग के लिए तो दमदमा झील में परिवारों के लिए पिकनिक और आउटडोर गतिविधियों का प्रमुख विकल्प है। अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में सुबह-शाम प्रकृति और हरियाली के बीच समय बिताने का विकल्प है। सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान में पक्षी और प्रकृति प्रेमियों के लिए प्रमुख स्थल यह गुरुग्राम-फरुखनगर रोड पर स्थित है।
लोग बना रहे दो तरह के प्लान
कई परिवार 15 अगस्त की सुबह सोसाइटी में ध्वजारोहण और बच्चों के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मॉल या रेस्तरां जाने की तैयारी में हैं। वहीं कुछ परिवार गुरुग्राम से दो-तीन घंटे की ड्राइव पर राजस्थान, नीमराना, अलवर, जयपुर, उत्तराखंड या हिमाचल की ओर जाने की योजना बना रहे हैं।
सुरक्षा के साथ ट्रैफिक पर भी नजर
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली सीमा से लेकर गुरुग्राम के प्रमुख चौराहों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। राजीव चौक, इफ्को चौक, एमजी रोड, सिकंदरपुर, साइबर हब और दिल्ली से जुड़े प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त निगरानी रहेगी। मॉल और मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा जांच बढ़ाई जाएगी। लंबे वीकेंड में अरावली और सोहना की तरफ बढ़ने वाले वाहनों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसे में गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड, सोहना रोड और अरावली क्षेत्र में यातायात दबाव पर भी नजर रखनी होगी। दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल और मुख्य समारोह को देखते हुए दिल्ली-गुरुग्राम आवागमन करने वालों को भी रूट और प्रतिबंधों की जानकारी लेकर निकलने की जरूरत होगी।


