Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsGurugram Police Solves Jewelry Theft Case Within 3 Hours Arrests Scrap Collector
लाखों के जेवरात चोरी की वारदात तीन घंटे में सुलझाई

लाखों के जेवरात चोरी की वारदात तीन घंटे में सुलझाई

संक्षेप:

गुरुग्राम पुलिस ने चोरी के मामले को तीन घंटे में सुलझा लिया। आरोपी, जो कबाड़ बीनने वाला है, ने घर का ताला तोड़कर 18 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चुराई थी। आरोपी को पहले भी चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने चुराए गए सामान को बरामद कर पीड़ित परिवार को सौंप दिया।

Dec 07, 2025 11:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। गुरुग्राम पुलिस ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी को चुराने की वारदात को शिकायत मिलने के तीन घंटे के अंदर सुलझा लिया। इस वारदात में संलिप्त आरोपी कबाड़ बीनने वाला है। इसके ऊपर चोरी की दो वारदातों को पहले भी अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। पांच दिसंबर को हेलीमंडी पुलिस चौकी में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि चार दिसंबर की देर रात को उसके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने करीब 18 लाख रुपये के जेवरात और साढ़े 13 हजार रुपये की नकदी चुरा ली है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हेलीमंडी पुलिस चौकी के प्रभारी उप निरीक्षक सत्यप्रकाश के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने शक की बिनाह पर तीन घंटे के अंदर ही पटौदी के गांव गदाईपुर निवासी 41 वर्षीय अशोक को गिरफ्तार किया। मौजूदा समय में वह पटौदी बस स्टैंड के समीप झुग्गियों में रहता है। आरोपी को अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपी ने चोरी की वारदात को कबूल किया। उसने बताया कि वह कबाड़ बीनने का काम करता है। कोई मकान बंद मिलता है तो ताला तोड़कर उसमें घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। उसने इस मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चुराई है। पुलिस ने इसके कब्जे से जेवरात और नकदी बरामद करके पीड़ित परिवार को सौंप दी है। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपी के खिलाफ रेवाड़ी और गुरुग्राम में चोरी का एक-एक मुकदमा पहले से दर्ज है। रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।