
नूंह जाने वाले मार्गों पर नाकेबंदी की गई
संक्षेप: दिल्ली के लाल किले के निकट बम धमाके के बाद गुरुग्राम पुलिस ने पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। सोहना में सुरक्षा कड़ी की गई है। नूंह और तावडू मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
सोहना, संवाददाता। दिल्ली में लाल किले के निकट हुए बम धमाके के बाद गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट ने पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। इसके तहत, सोहना में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। विशेष रूप से नूंह और तावडू जाने वाले मार्गों पर सघन नाकेबंदी करके हर प्रकार के वाहनों की जांच की जा रही है। सोमवार रात को धमाके के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और शहर के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ओयो, ढाबे, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की गई। चेकिंग टीम में शहर और सदर थाना प्रभारियों के साथ एसीपी और साउथ डीसीपी भी शामिल रहे।

मंगलवार की सुबह से ही शहर के सभी सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर हाई अलर्ट के माध्यम से गश्त बढ़ा दी गई है। पीसीआर, ईवीआर और राइडर बाइक पर तैनात पुलिस कर्मियों को अपने सभी प्वाइंटों पर 10 से 15 मिनट के अंतराल में चेकिंग करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने में जुटी है। विशेष रूप से दिल्ली और गुरुग्राम की तरफ से आने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है। -------------- नूंह और तावडू मार्गों पर सघन जांच: सोहना से नूंह और तावडू जाने वाले नाकों पर जबरदस्त तरीके से वाहनों की जांच की जा रही है। बाइक, स्कूटर और स्कूटी से लेकर बड़े वाहनों को रुकवाकर चेक किया जा रहा है। जाँच के दायरे में आने वाले सभी वाहन चालकों का स्थाई पता, मोबाइल नंबर और उनके जाने का उद्देश्य तक की जानकारी दर्ज की जा रही है। ----------- - बस स्टैंड पर दमकल की तैनाती: जिला पुलिस कमिश्नर के आदेश पर स्थानीय सामान्य बस स्टैंड पर आगजनी की आशंका के मद्देनजर अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी को 24 घंटे अलर्ट पर तैनात कर दिया गया है। एसीपी सोहना जितेंद्र कुमार ने बताया कि सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें वापस बुला लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हाई अलर्ट होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया हुआ है। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार खुफिया तंत्र और सामान्य पुलिस सुरक्षा के मामले में चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखे हुए है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




