परिवार के साथ कार में हैं तो बिना वजह नहीं रोकेगी ट्रैफिक पुलिस
गुरुग्राम में पुलिस आयुक्त ने परिवार, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के वाहनों को बिना कारण रोके जाने पर रोक लगाने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था पारदर्शिता के लिए आम जनता से सहयोग मांगती है। यदि कोई पुलिसकर्मी नियमों का उल्लंघन करता है, तो शिकायत व्हाट्सएप पर की जा सकती है।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। अगर आप अपने परिवार या किसी बुजुर्ग के साथ कार में कहीं जा रहे हैं तो अब आपको बिना किसी कारण ट्रैफिक पुलिस नहीं रोकेगी। नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए पुलिस आयुक्त ने एक बड़ा आदेश जारी किया है। नए निर्देशों के तहत अब गुरुग्राम के सभी यातायात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि परिवार, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों को लेकर चल रहे वाहनों को सड़कों पर अनावश्यक रूप से बिल्कुल न रोका जाए। सीपी ने साफ किया है कि ऐसे पारिवारिक वाहनों को केवल यातायात नियमन, सड़क सुरक्षा या फिर किसी बेहद गंभीर यातायात नियम के उल्लंघन की स्थिति में ही रोका जा सकता है। पुलिस प्रशासन ने इस व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए आम जनता से भी सहयोग मांगा है।
शिकायत करने की प्रक्रिया
जिला पुलिस की तरफ से सार्वजनिक रूप से अनुरोध किया गया है कि यदि शहर में किसी भी नागरिक के पारिवारिक या बुजुर्गों वाले वाहन को बिना किसी वैध और उचित कारण के ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा रोका जाता है या परेशान किया जाता है, तो वे सीधे इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से कर सकते हैं। इसके लिए बकायदा दो विशेष व्हाट्सएप नंबर भी जारी किए गए हैं।
व्हाट्सएप पर तस्वीर खींचकर शिकायत करें
यदि कोई पुलिसकर्मी इन नियमों की अवहेलना करता है, तो पीड़ित व्यक्ति संबंधित यातायात पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की फोटो/वीडियो खींचकर और घटना का पूरा विवरण लिखकर सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के मोबाइल नंबर 9999981801 और डीसीपी ट्रैफिक, गुरुग्राम के मोबाइल नंबर 9999981808 पर भेज सकते हैं। इन नंबरों पर आने वाली शिकायतों की सीधे मॉनिटरिंग होगी। यदि जांच के दौरान कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी सीपी के इन निर्देशों का उल्लंघन करता हुआ दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


