
बीच सड़क गाड़ी खड़ी करने वाले दो चालकों पर कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज किया है। सुशांत लोक थाना पुलिस ने सेक्टर-44 में दो अलग-अलग घटनाओं में वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों चालक सड़क पर मोबाइल फोन चला रहे थे, जिससे यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की है।
गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। साइबर सिटी की सड़कों पर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। सुशांत लोक थाना पुलिस ने सेक्टर-44 स्थित शराब ठेके के पास मुख्य सड़क पर बिना किसी संकेत के गाड़ियां खड़ी कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क पर फोन चलाना पड़ा भारी शुक्रवार को सुशांत लोक थाने के हवलदार रूपेश कुमार की टीम सेक्टर-44 मुख्य रोड पर गश्त पर थी।
इस दौरान उन्होंने देखा कि एक सफेद रंग की मारुति डिजायर बीच सड़क पर खड़ी है, जिससे आने-जाने वाले ट्रैफिक को भारी परेशानी हो रही थी। पुलिस ने जब पास जाकर देखा तो चालक जसवंत सिंह यादव निवासी अलवर, राजस्थान अंदर बैठकर मोबाइल फोन चला रहा था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया गया। गाड़ी में लेटकर मोबाइल देखना पड़ा महंगा इसी स्थान पर एक अन्य कार्रवाई में एएसआई सोमबीा की टीम ने एक हुंडई ओरा को सड़क के बीचों-बीच खड़ा पाया। चालक रोहित कुमार निवासी रोहतक गाड़ी के अंदर लेटकर मोबाइल फोन चला रहा था। बिना किसी पार्किंग लाइट या यातायात संकेत के गाड़ी खड़ी करने के कारण आम जनता को हो रही असुविधा को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। पुलिस की सख्त चेतावनी सुशांत लोक थाना पुलिस के अनुसार, मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग न केवल यातायात को प्रभावित करती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनती है। विशेषकर शराब ठेकों और मार्केट एरिया के पास सड़क घेरे रखने वालों पर अब पुलिस की पैनी नजर है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




