वांछित तस्कर को पनाह देने वाला शख्स गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने अवैध शराब घोटाले में एक और सफलता हासिल की है। मुख्य तस्कर को बचाने वाले परमजीत सिंह को सेक्टर-43 से गिरफ्तार किया गया। शराब की भारी मात्रा बिना होलोग्राम के मिली थी। पुलिस ने अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मुख्य तस्कर की तलाश जारी है।

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। साइबर सिटी के बहुचर्चित अवैध शराब घोटाले में गुरुग्राम पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। करोड़ों रुपये की कीमत वाली बिना होलोग्राम वाली विदेशी शराब के मामले में मुख्य तस्कर को अपने घर में छिपाने वाले आरोपी को पुलिस ने सेक्टर-43 से दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पंजाब के भटिंडा निवासी 42 वर्षीय परमजीत सिंह के रूप में हुई है। नौ दिसंबर 2025 को आबकारी विभाग को सिग्नेचर टॉवर स्थित एक नामी वाइन शॉप में भारी मात्रा में अवैध शराब होने की गुप्त सूचना मिली थी। विशेष टीम ने जब वहां छापेमारी की, तो दुकान के दो गुप्त कमरों से विदेशी शराब (इंपोर्टेड वाइन) की 3,921 पेटियां और 176 बोतलें बरामद हुईं।
ताज्जुब की बात यह थी कि इन बोतलों पर न तो सरकारी होलोग्राम था और न ही अनिवार्य ट्रैक एंड ट्रेस स्ट्रिप्स थे। वांछित आरोपियों की कर रहा था मदद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (अपराध) की देखरेख में एक एसआईटी (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी परमजीत सिंह ने बिना होलोग्राम की शराब सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को अपने घर में पनाह दी थी और उसे पुलिस की पकड़ से बचाने में मदद कर रहा था। इस सिंडिकेट में पुलिस अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें वाइन शॉप के हिस्सेदार अंकुल गोयल और सुग्रीव, मैनेजर अजय, कैंटर चालक अजय, फर्जी बिल्टी बनाने वाला मनोज और मुदित शामिल हैं। एसआईटी अब परमजीत सिंह को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि मुख्य शराब तस्कर फिलहाल कहां छिपा है और इस पूरे नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान अन्य बड़े नामों और अवैध गोदामों का खुलासा हो सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




