अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पकड़ी, तीन धरे
गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आतंक का सबब बने एक बड़े अंतरराज्यीय

गुरुग्राम, गौरव चौधरी। गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच की टीम ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। गुरुग्राम से शुरू हुई इस जांच की कड़ियां मध्य प्रदेश के धार जिले तक जा पहुंचीं। वहां पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी पकड़ी। फैक्टरी के मुख्य संचालक समेत तीन को गिरफ्तार किया गया। एसीपी क्राइम नवीन कुमार ने बताया कि पकड़े गए मुख्य आरोपी 50 वर्षीय जगत सिंह बेहद शातिर है। वह मध्य प्रदेश के धार जिले के सिंघाना गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से अपने गांव से दूर पहाड़ियों पर बने एक सुनसान कमरे में अवैध रूप से हथियारों की फैक्टरी चला रहा था। छापेमारी के दौरान उस ठिकाने से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण, कटर, लोहे के पुर्जे और अन्य कच्चा सामान बरामद किया गया है। मौके से छह तैयार अवैध पिस्टल भी जब्त की गई।
आरोपी पर दर्ज हैं 14 मामले
जांच में सामने आया है कि जगत सिंह को दूसरे राज्यों के तस्करों से जैसे ही ऑर्डर मिलते थे, वह हथियार तैयार कर देता था। वह प्रति पिस्टल और कट्टा 15 से 20 हजार रुपये में बेचता था, जिसे तस्कर आगे दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के बदमाशों को महंगे दामों पर सप्लाई करते थे। जगत सिंह पर विभिन्न राज्यों में 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इससे पहले उसे हिसार और फतेहाबाद पुलिस ने भी अवैध हथियार बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने दोबारा पहाड़ियों में अपनी फैक्टरी शुरू कर दी थी।
मध्य प्रदेश के धार में छापेमारी
सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच की टीम ने 32 माइलस्टोन सर्विस रोड से योगेश नाम के एक युवक को दबोचा, जिसके पास से तीन अवैध पिस्टल बरामद हुईं। योगेश ने पूछताछ में बताया कि यह पिस्टल उसे जसबीर नाम के सप्लायर ने दी थीं। गुरुवार को जसबीर को भी दबोच लिया गया। जसबीर ने बताया कि उसने मध्य प्रदेश के जगत सिंह से 60 हजार रुपये में ये तीन पिस्टल खरीदी थीं। गुरुग्राम पुलिस की टीम तुरंत मध्य प्रदेश के धार रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की मदद से सिंघाना की पहाड़ियों को घेरकर जगत सिंह को दबोच लिया।
चार दिन के रिमांड पर आरोपी
क्राइम ब्रांच ने आरोपी जगत सिंह को अदालत में पेश कर चार दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया है। एसीपी क्राइम नवीन कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में उसके नेटवर्क से जुड़े और कौन-कौन से तस्कर सक्रिय हैं। हाल के दिनों में उसने किन-किन गैंगस्टरों या अपराधियों को हथियारों की खेप सप्लाई की है। मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


