छह विदेशियों के ठहरने की जानकारी न देने पर पकड़ा
गुरुग्राम पुलिस ने विदेशी नागरिकों के ठहराव से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में एक फ्लैट मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बिना सी-फॉर्म भरे छह विदेशी नागरिकों को अपने फ्लैट में ठहराया था। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर इसे पकड़ा और सभी होटल संचालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। गुरुग्राम पुलिस ने विदेशी नागरिकों के ठहराव से जुड़े नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक फ्लैट मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नियमों की अनदेखी करते हुए छह विदेशी नागरिकों को बिना सी-फॉर्म भरे और पुलिस को सूचित किए बिना अपने फ्लैट में ठहराया था। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के निर्देशों पर शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना राजेंद्रा पार्क की पुलिस टीम ने सेक्टर-107 स्थित एमथ्रीएम वुडशायर सोसायटी में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक फ्लैट में छह विदेशी नागरिकों को मौजूद पाया।
जब फ्लैट मालिक से विदेशी नागरिकों के ठहराव से जुड़े दस्तावेजों और सी-फॉर्म की मांग की गई, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। दिल्ली का रहने वाला है आरोपी फ्लैट मालिक पकड़े गए आरोपी की पहचान अश्मित ग्रोवर निवासी क्लासिक अपार्टमेंट, सेक्टर-22, द्वारका (दिल्ली) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि अश्मित ने जानबूझकर विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना संबंधित थाना पुलिस को नहीं दी थी, जो कि सुरक्षा की दृष्टि से एक गंभीर उल्लंघन है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। होटल और होम-स्टे संचालकों को सख्त हिदायत इस कार्यवाही के बाद गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर सभी होटल संचालकों, गेस्ट हाउस प्रबंधकों और होम-स्टे मालिकों को कड़ी चेतावनी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विदेशी नागरिक को ठहराते समय सी-फॉर्म भरना और उसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को देना अनिवार्य है। इन नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




