
सोनाली फोगाट का हत्यारोपी समेत दो गिरफ्तार
गुरुग्राम में एक शराब अहाते में बिना अनुमति चल रही पार्टी की कवरेज करने गए पत्रकारों के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पर गोवा में सोनाली फौगाट हत्या का मामला दर्ज है। कुल मिलाकर पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। शनिवार सुबह गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर स्थित एक शराब अहाते हा-चा में बिना अनुमति के चल रही पार्टी की कवरेज करने गए पत्रकारों के साथ मारपीट, छीना-झपटी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला है, जिसके खिलाफ गोवा में हुई सोनाली फौगाट की हत्या का गंभीर मामला पहले से दर्ज है। सेक्टर-50 थाना पुलिस को 22 नवंबर को एक पत्रकार ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने साथी पत्रकार के साथ सुबह करीब 7:30 बजे सेक्टर-49 स्थित हा-चा नामक अहाते में गैर-समय शराब पीने और पार्टी करने की कवरेज करने गए थे।
वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें वीडियो बनाते देख लिया। गुस्से में आकर इन लोगों ने पत्रकारों के साथ जमकर मारपीट की, उनकी न्यूज आईडी छीनने की कोशिश की उन्हें गोली मारने की धमकी दी और पत्थर मारकार कार का शीशा भी तोड दिया था। गोवा में हत्या का केस दर्ज है एक आरोपी पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों सुखविंद्र सांगवान निवासी चरखी-दादरी और गौरव तनेजा निवासी रोहतक को सोमवार सेक्टर-50 से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पार्टी कर रहे थे और पत्रकारों द्वारा वीडियोग्राफी किए जाने से नाराज़ होकर उन्होंने यह वारदात की। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि सुखविंद्र के खिलाफ गोवा में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर सोनाली फौगाट की हत्या का एक अभियोग पहले से अंकित है, जबकि गौरव तनेजा के खिलाफ रोहतक में लड़ाई-झगड़े का एक केस दर्ज है। अब तक कुल 5 आरोपी गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने पहले ही 22 नवंबर को अहाते के मैनेजर सोनू कुमार और दो बाउंसर आनंद व ललित सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ, इस अभियोग में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों नए आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




