मुठभेड़ के बाद एक लाख रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार
गुरुग्राम में एक करोड़ से अधिक के जेवर और नगदी चुराने वाले आरोपी यादराम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे गोली मारकर घायल किया और अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी पर हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 24 मामले दर्ज हैं।

गुरुग्राम। नूंह की एक दुकान में एक करोड़ से अधिक के जेवर और नगदी चुराने के आरोपी इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात सोहना-गुरुग्राम रोड पर गुरुग्राम और नूंह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरो में गोली लगी। उसे सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पमाल में भर्ती कराया गया है। नूंह के पिनगवां इलाके में आठ दिन पहले सुनार की दुकान से यादराम नाम के बदमाश ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तभी से वह फरार चल रहा था। नूंह पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
रविवार देर रात अपराध शाखा सेक्टर-40 प्रभारी ललित कुमार सूचना मिली कि हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे दो दर्जन मामलों में वांछित यादराम बिना नंबर की बाइक पर सोहना की तरफ आ रहा है। गुरुग्राम की सेक्टर-40 और मेवात की पुन्हाना अपराध शाखा की टीमों ने संयुक्त रूप से सोहना-गुरुग्राम रोड पर महेंद्रवाड़ा कच्चे रास्ते के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। रात करीब सवा दस बजे जब बिना नंबर की होंडा लिवो बाइक पर सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। उसने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई सब-इंस्पेक्टर की जान मुठभेड़ के दौरान आरोपी यादराम ने कुल छह राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली पुलिस की सरकारी गाड़ी के दरवाजे पर, एक बोनट पर और एक गोली उप-निरीक्षक ललित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में चार राउंड फायर किए, जिससे आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लगीं। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हरियाणा समेत तीन राज्यों में मामले दर्ज पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यादराम बताया। 50 वर्षीय यादराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया का निवासी है। वर्तमान में जयपुर में ठिकाना बदलकर रह रहा था। जांच में सामने आया कि उस पर हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और लूट के करीब 24 मामले दर्ज हैं। पिस्टल और देसी कट्टा बरामद सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी कट्टा, एक पिस्टल, नौ खाली कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक और हेलमेट बरामद किया। अस्पताल में चल रहा उपचार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भोंडसी में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




