
कैब बुक कर चालक से हथियार के बल पर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने कैब चालक से हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले एक आरोपी अलादीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने उबर कैब बुक करके चालक को बंधक बनाया और दो मोबाइल फोन, नगद पैसे और गाड़ी की चाबी लूट ली। पुलिस ने लूट का सामान और कट्टा भी बरामद किया है।
गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। गुरुग्राम पुलिस ने कैब चालक से हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी और उसके साथियों ने उबर कैब बुक करके चालक को बंधक बनाया और लूटपाट की थी। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटे गए सामान सहित वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा (कंट्री-मेड पिस्टल) भी बरामद किया गया है। पुलिस थाना डीएलएफ फेस-दो में एक कैब चालक ने शिकायत दर्ज कराई थी। चालक ने बताया कि वह उबर में अर्टिगा गाड़ी चलाता है। 24 सितंबर की सुबह करीब साढ़े तीन बजे उबर के माध्यम से नीमराना के लिए बुकिंग आई।
एमजी रोड स्थित किआ शोरूम के सामने से दो लड़के और दो लड़कियां कैब में सवार हुए। साहबी नदी से कुछ दूरी पर पहुंचने पर सवारों ने गाड़ी रुकने को कहा। विरोध करने पर एक लड़के ने हैंड-ब्रेक खींच दिया और पीछे बैठे एक लड़के ने चालक के सिर पर कट्टा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उनके साथी की एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी भी सामने आकर खड़ी हो गई। आरोपी चालक से उसके दो मोबाइल फोन, आठ रुपये नकद और गाड़ी की चाबी लूटकर उसे वहीं सड़क पर छोड़कर भाग गए थे। डीएलएफ फेस-दो थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी अलादीन को बुधवार गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, कैब की चाबी, ₹1200 रुपये की नगदी और वारदात में प्रयोग किया गया कट्टा बरामद किया है। प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी अलादीन ने खुलासा किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की इस वारदात से ठीक पहले थाना तिमारपुर (दिल्ली) से एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी लूटी थी। इसी लूटी हुई स्विफ्ट डिजायर का इस्तेमाल उन्होंने गुरुग्राम में अर्टिगा कैब चालक को लूटते समय बाधा डालने के लिए किया था। आरोपी अलादीन का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ दिल्ली और नूंह (हरियाणा) के अलग-अलग थानों में नौ से अधिक अभियोग अंकित हैं, जिनमें लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




