दो लाख की फिरौती न देने पर जानलेवा हमला, पांच गिरफ्तार
गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में एक व्यक्ति से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ टिल्लू ने जेल से बाहर आकर पीड़ित को धमकाया और 2 लाख रुपये की मांग की। आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। बादशाहपुर इलाके में एक व्यक्ति से रंगदारी मांगने और फिरौती न देने पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा सोहना की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी नरेंद्र उर्फ टिल्लू का साथी मोहित उर्फ गुल्लू भी शामिल है, जिस पर पहले से ही चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। जेल से बाहर आते ही मांगी थी फिरौती पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़ित बादशाहपुर का निवासी है और किराए की जमीन पर झुग्गियां बनाकर अपना गुजारा करता है।
उसने बताया कि उसके गांव का नरेंद्र उर्फ टिल्लू जो पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है, जेल से बाहर आने के बाद उसे धमकाने लगा। टिल्लू ने आरोप लगाया कि जेल में रहने के दौरान पीड़ित ने उसकी मदद नहीं की। डर के मारे पीड़ित ने पहले उसे एक लाख रुपये दे दिए थे, लेकिन टिल्लू की भूख कम नहीं हुई और उसने 2 लाख रुपये की और मांग की। छह जनवरी 2026 को जब पीड़ित अपनी स्कूटी से घर जा रहा था, तो स्पोर्ट्स एकेडमी के पास टिल्लू के इशारे पर 14-15 लड़कों ने उसे घेर लिया। हमलावर लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से लैस थे। उन्होंने पीड़ित की बेरहमी से पिटाई की और उसके हाथ-पैर तोड़ दिए। हमलावरों ने जाते समय धमकी दी कि अगर टिल्लू को 2 लाख रुपये नहीं दिए, तो जान से मार देंगे। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां बादशाहपुर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज किया था। अपराध शाखा सोहना ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को राजीव चौक से दबोचा, जिनकी पहचान 28 वर्षीय मोहित उर्फ गुल्लू और 21 वर्षीय विवेक के रूप में हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनके अन्य साथियों दीपक, आकाश और विकास को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोहित उर्फ गुल्लू एक आदतन अपराधी है। उस पर गुरुग्राम के विभिन्न थानों में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता का बयान इस मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने मुख्य साजिशकर्ता नरेंद्र उर्फ टिल्लू के कहने पर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


