Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsGurugram on High Alert After Delhi Blast Security Lapses in Public Transport
दिल्ली ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम में हाई अलर्ट: रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी

दिल्ली ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम में हाई अलर्ट: रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी

संक्षेप: दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद गुरुग्राम पुलिस ने शहर के सभी संवेदनशील स्थानों को हाई अलर्ट पर रखा है। रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है, लेकिन रोडवेज बस स्टैंड और बाजारों में सुरक्षा की कमी दिखाई दी। व्यापारियों ने इस लापरवाही पर चिंता जताई है।

Tue, 11 Nov 2025 11:37 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

कॉमन इंट्रो::: दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के सभी संवेदनशील और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए रेलवे स्टेशनों और मेट्रो स्टेशनों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट नजर आई, जबकि रोडवेज बस स्टैंड पर किसी प्रकार कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखी। गुरुग्राम के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड दोनों पर ही अवैध रास्तों के कारण यहां सुरक्षा सौ फीसदी चाक-चौबंद नहीं मानी जा सकती है। ------------------ गुरुग्राम।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दिल्ली लाल किले के पास कार में विस्फोट हादसे के बाद गुरुग्राम में रात से पुलिस हाई अलर्ट है, लेकिन शहर में सार्वजनिक जगह जहां हजारों लोगों का अवागमन होता है वहां पुलिस नदारद दिखाई दी। हालांकि रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां काफी अलर्ट दिखाई दी, लेकिन बस स्टैंड, सदर बाजार और मार्केट में सुरक्षा एजेसियां कहीं नजर नहीं आई। दिल्ली हादसे के बाद मंगलवार को हिन्दुस्तान टीम ने शहर के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की लाइव रिपोर्ट की, पेश है रिपोर्ट:- - मेट्रो स्टेशनों पर कड़े प्रबंध: - स्थान : इफको चौक मेट्रो स्टेशन - समय:- 11:00 बजे गुरुग्राम के सभी मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा को लेकर कड़े प्रबंध किए गए। सीआईएसएफ द्वारा यात्रियों के सामान की स्कैनिंग और यात्रियों की व्यक्तिगत सघन जांच के बाद ही उन्हें मेट्रो स्टेशन के अंदर प्रवेश दिया जा रहा था। मेट्रो स्टेशनों पर पहले से ही सीआईएसएफ द्वारा सुरक्षा की जाती है, लेकिन हाई अलर्ट के मद्देनजर सुरक्षाकर्मियों की संख्या और उनकी सतर्कता बढ़ा दी गई है। आम दिन की भांति मंगलवार को भी इफको चौक मेट्रो स्टेशन के बाहर और टिकट घर में यात्रियों की भीड़ लगी थी। स्टेशन के बाहर भी यात्रियों की आम दिनों की भांति भीड़ लगी रही। स्टेशन के आसपास भी पुलिस पीसीआर भी नजर आई। -------------- - रोडवेज बस स्टैंड, सुरक्षा के नाम पर शून्य - स्थान: रोडवेज बस स्टैंड - समय: 11:50 बजे गुरुग्राम के रोडवेज बस स्टैंड पर, जहां रोजाना हजारों की संख्या में यात्री आवागमन करते हैं, सुरक्षा के मामले में गंभीर खामियां दिखी। दिल्ली में हुए आतंकी खतरे के बावजूद, बस स्टैंड पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों की जान खतरे में बनी हुई है। बस स्टैंड पर यात्रियों की चेकिंग के लिए कोई उपकरण उपलब्ध नहीं है। यात्रियों के सामान की जांच मैनुअल तरीके से भी नहीं की जा रही है, जिससे कोई भी संदिग्ध वस्तु परिसर के अंदर लाई जा सकती है। सबसे बड़ी सुरक्षा चूक यह है कि बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। ऐसी स्थिति में, अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो अपराधियों की पहचान करना या उनकी गतिविधि पर नजर रखना लगभग असंभव हो जाता है। जहां मेट्रो और रेलवे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं, वहीं बस स्टैंड पर सुरक्षा कर्मी तैनात होने के बावजूद, उपकरणों और तकनीक के अभाव में सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जा सकती। यहां गोपाल नगर की तरफ एक छोटा गेट है और दूसरा मियां वाली कॉलोनी में से भी बस स्टैंड पर छोटे गेट बना हुआ है। जहां हमेशा लोगों का अवागमन लगा रहता है। यहां जांच को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। -------------- - कड़ी जांच के बाद भी स्टेशन पर मिला प्रवेश - स्थान: रेलवे स्टेशन - समय: 12:20 बजे देर रात दिल्ली हादसे की खबर मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर तत्काल सघन जांच अभियान शुरू कर दिया था। सुरक्षा एजेंसियों का यह जांच अभियान मंगलवार को भी स्टेशन पर साफ तौर पर दिखा। रेलवे पुलिस और आरपीएफ ने स्टेशन के अंदर और बाहर लगातार जांच अभियान चलाया। स्टेशन पर यात्रियों को जांच के बाद ही प्रवेश मिला। यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले उनकी विस्तृत जांच और सामान की तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों के अंदर भी संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है। हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी हो गई है। ---------------- बाजारों में सुरक्षा गायब, व्यापारी वर्ग चिंतित - स्थान: सदर बाजार - समय: 01:20 बजे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद जहां गुरुग्राम के रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, वहीं शहर के व्यस्ततम बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का पूरी तरह अभाव दिखाई दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट की घोषणा के बावजूद, शहर के प्रमुख बाजारों में न तो सघन चेकिंग हो रही है और न ही पुलिसकर्मियों की तैनाती दिख रही है। सदर बाजार, जो गुरुग्राम के सबसे भीड़भाड़ वाले और महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्रों में से एक है, वहाँ भी सुरक्षाकर्मी नदारद थे। इसके अलावा, सेक्टरों में स्थित स्थानीय बाजारों में भी कोई विशेष सुरक्षा व्यवस्था या पुलिस की गश्त नहीं देखी गई। बाजारों के व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में इस लापरवाही पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन त्योहारों के दिनों में भी बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करता है, जबकि इन दिनों भीड़ सबसे अधिक होती है और सुरक्षा का खतरा भी बढ़ जाता है। एक स्थानीय व्यापारी ने कहा कि दिल्ली में इतना बड़ा हादसा हुआ है, ऐसे में बाजारों में सुरक्षा कड़ी होनी चाहिए थी, लेकिन यहां कोई चेकिंग नहीं हो रही है। यह दिखाता है कि प्रशासन हमारे और हमारे ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है। ----------------- माता मंदिर में पुलिस रही तैनात - स्थान: श्रीशीतला माता मंदिर - समय: 02:15 बजे शहर का सबसे बड़ा धार्मिक स्थल श्रीशीतला माता मंदिर है। यहां देश के कोने-कोने से लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंगलवार को यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी नजर आई। माता मंदिर में पुलिस चौकी भी मौजूद है। इस कारण यहां हर समय पुलिस की तैनाती रहती है। मंदिर परिसर में मंगलवार को श्रद्धालुओं हल्की भीड़ रही। इस दौरान पुलिसकर्मी मंदिर गेट पर तैनात नजर आए। हालांकि यहां श्रद्धालुओं जांच आदि नहीं की जा रही थी। क्योंकि मंदिर में लोग सिर्फ हाथों में प्रसाद लेकर ही अंदर जाते हैं। वहीं मंदिर की पार्किग में सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई। यहां 20 से 30 वाहन खड़े थे, लेकिन यहां किस लिए खड़े थे और लोग कहां से आए थे इसकी कोई जांच नहीं की जा रही थी।