
गुरुग्राम में सुरक्षा बढ़ाई, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
संक्षेप: दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम को रेड अलर्ट पर डाल दिया गया है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए सघन जांच अभियान शुरू किया है, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान पर ध्यान दिया जा रहा है। डीसी ने कई कड़े आदेश दिए हैं, जिसमें किरायेदारों के रिकॉर्ड रखने और ड्रोन के उपयोग पर प्रतिबंध शामिल है।
सख्ती:गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना के तुरंत बाद गुरुग्राम को रेड अलर्ट पर डाल दिया गया है। दिल्ली से सटे और देश के कॉर्पोरेट हब होने के कारण गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ा दिया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर भर में एक व्यापक सघन जांच अभियान शुरू किया गया है, जिसका मुख्य केंद्र बिंदु संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की पहचान करना है। पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों के बाद सदर बाजार, जामा मस्जिद, साइबर सिटी, सोहना रोड, द्वारका एक्सप्रेसवे और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस टीमें फ़ील्ड में उतरकर सघन जांच कर रही हैं।

खासकर उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां दूसरे राज्यों, विशेषकर जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, नॉर्थ ईस्ट और बंगाल के लोगों का अधिक जमावड़ा है। डीसी के कड़े आदेश: सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उपायुक्त (डीसी) अजय कुमार ने बुधवार को कई कड़े आदेश जारी किए हैं। डीसी ने साइबर कैफे संचालकों, पीजी, गेस्ट हाउस, होटलों और मकान मालिकों को आदेश दिया है कि वे अपने सभी किराएदारों, नौकरों, विजिटरों और अतिथियों का रिकॉर्ड उनके आईडी प्रूफ के साथ अनिवार्य रूप से रखें। डीसी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जिले में ड्रोन, माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून, काइट फ्लाइंग और चाइनीज माइक्रो लाइट सहित अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स के प्रयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध 31 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। डीसी ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उपायुक्त की तरफ से यह कदम नए साल और गणतंत्र दिवस के चलते एहतियात के तौर पर उठाए जाने की बात कही गई है। आरडब्ल्यूए को तत्काल मैसेज भेजने के निर्देश पुलिस मुख्यालय से सभी स्टेशन हाउस ऑफिसर्स (एसएचओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को तत्काल मैसेज भेजें। आरडब्ल्यूएको स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे संदिग्ध किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन, आईडी प्रूफ और पिछले रिकॉर्ड की जांच अनिवार्य रूप से करें। कई सोसाइटियों में गेट पर अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दिल्ली से सटा होने के कारण गुरुग्राम संवेदनशील क्षेत्र है। अब रेड अलर्ट के तहत मॉल्स, मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की तैनाती दोगुनी कर दी गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस चौकी, थाने या डायल 112 पर साझा करें, और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की तैनाती हेडक्वार्टर के निर्देशों के तहत शहर के तमाम प्रमुख धार्मिक स्थानों (जैसे जामा मस्जिद, शीतला माता मंदिर) के साथ-साथ सदर बाजार, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और मेट्रो स्टेशनों पर एसएचओ की ड्यूटी लगाई गई है। एसएचओ को दिन में कई बार इन स्थानों का राउंड लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




