हाई-टेक ग्रैब मशीनों से होगी मैनहोल की सफाई

Feb 07, 2026 11:41 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

- मैनहोल और गहरे नालों की सफाई के लिए खरीदी जाएंगी दो आधुनिक ग्रैब मशीनें, एस्टीमेट तैयार

हाई-टेक ग्रैब मशीनों से होगी मैनहोल की सफाई

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) अब शहर की भूमिगत सीवर व्यवस्था और गहरे नालों की सफाई के लिए मैनुअल स्केवेंजिंग (हाथ से सफाई) को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है। निगम ने सफाई व्यवस्था को हाई-टेक बनाने के लिए 2 नई आधुनिक ग्रैब मशीनों की खरीद का एस्टीमेट तैयार किया है। इन मशीनों के आने से न केवल सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब किसी भी सफाई कर्मचारी को अपनी जान जोखिम में डालकर जहरीले मैनहोल के अंदर नहीं उतरना पड़ेगा। ग्रैब मशीनें विशेष रूप से गहरे सीवर चैंबर और बड़े नालों की सफाई के लिए डिजाइन की गई हैं।

इनमें लगे हाइड्रोलिक ग्रैब (मजबूत पंजे) मैनहोल के भीतर गहराई तक जाकर वहां जमा सिल्ट, पत्थर, मलबे और ठोस कचरे को आसानी से जकड़कर बाहर निकाल लेते हैं। वर्तमान में कई स्थानों पर सीवर इतने गहरे और संकरे हैं कि वहां साधारण सक्शन मशीनें काम नहीं कर पातीं, लेकिन ग्रैब मशीनें वहां भी प्रभावी साबित होंगी। तीन साल तक कंपनी की होगी सिरदर्दी निगम ने इस योजना को बेहद व्यावहारिक बनाया है। एस्टीमेट के अनुसार, जो कंपनी इन मशीनों की आपूर्ति करेगी, वही अगले 3 वर्षों तक इसके संचालन और रखरखाव (ओएंडएम) के लिए उत्तरदायी होगी। मशीनों के लिए कुशल ऑपरेटर, डीजल, मरम्मत और अन्य तकनीकी खर्चों की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी। इससे निगम के पास मशीनों के खराब होकर खड़े रहने की समस्या पैदा नहीं होगी और सफाई अभियान निर्बाध रूप से चलता रहेगा। ट्रायल के तौर पर शुरुआत, वार्डों तक विस्तार की योजना नगर निगम इस पूरी योजना को फिलहाल एक पायलट प्रोजेक्ट (ट्रायल) के तौर पर शुरू कर रहा है। शुरुआती तौर पर डिवीजन-1ए के तहत इन दो मशीनों को तैनात किया जाएगा। निगम अधिकारियों का कहना है कि यदि इन मशीनों का प्रदर्शन और ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में नगर निगम के सभी वार्डों के लिए एक-एक ग्रैब मशीन तैनात करने की योजना है। इससे शहर के हर कोने में सीवर सफाई की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता सुप्रीम कोर्ट और सरकार के सख्त दिशा-निर्देशों के बावजूद, कई बार सीवर की गंभीर समस्याओं को सुलझाने के लिए मजदूरों को मैनहोल में उतरना पड़ता है, जो जानलेवा साबित होता है। इन नई ग्रैब मशीनों के आने से मशीनीकृत सफाई को बढ़ावा मिलेगा। निगम की तरफ से अब सीवर के चैंबरों की सफाई केवल मशीनों के माध्यम से ही करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे सफाई कर्मचारियों को मानवीय गरिमा के साथ-साथ सुरक्षित कार्य वातावरण मिल सके। ट्रायल के तौर पर दो ग्रैब की मशीनें खरीदने की की योजना तैयार की है। ट्रायल सफल होता है तो सभी वार्डों में इन मशीनों को तैनात किया जाएगा। - विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।