Gurgaon News: पार्कों में निगम बनाएगा योगा हट, पहले चरण में 71 लाख से बनेंगे चार केंद्र
Gurgaon News: - सेक्टर-57 और आसपास के पार्कों से शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट पार्कों में निगम बनाएगा हट, पहले चरण में

Gurgaon News: गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम अब शहर के पार्कों में योगा हट बनाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जोन-4 के अंतर्गत सेक्टर-57 और सेक्टर-52 के चार पार्कों का चयन किया गया है। यहां लगभग 71 लाख रुपये की लागत से शेड्स और हट्स का निर्माण कराया जाएगा।
योगा हट का निर्माण
योजना सफल रहने के बाद आगामी चरणों में शहर के प्रत्येक सेक्टर के दो से तीन बड़े पार्कों में इसी तर्ज पर योगा हट विकसित किए जाएंगे। नगर निगम के इंजीनियरिंग विंग ने जोन-4 स्थित वार्ड संख्या 21 के चार प्रमुख पार्कों में योगा हट निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सेक्टर-52 के मकान नंबर 1720 के समीप स्थित पार्क में, मकान नंबर 1820 के नजदीकी पार्क, आरडी सिटी में गेम्स पार्क और सेक्टर-57 के एलएंडटी पार्क को चिन्हित किया है। इन चारों योगा हट्स के निर्माण पर कुल 71 लाख रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
प्राकृतिक वातावरण के अनुकूल
- एक साथ 20 से 50 लोग कर सकेंगे अभ्यास
निगम अधिकारियों के अनुसार, इन हट्स का डिजाइन पूरी तरह खुला, हवादार और पर्यावरण-अनुकूल रखा जाएगा। हट की छत वाटरप्रूफ और इंसुलेटेड होगी, ताकि गर्मियों में भीषण गर्मी और बरसात में सीलन या पानी टपकने की समस्या न हो। फर्श पर विशेष एंटी-स्किड टाइल्स या फ्लोरिंग की जाएगी, जिस पर योग मैट बिछाकर अभ्यास करना सुविधाजनक रहेगा। प्रत्येक हट की क्षमता 20 से 50 लोगों के एक साथ बैठकर योगाभ्यास करने की होगी।
क्षेत्र में विस्तार की योजना
- हर सेक्टर के दो-तीन पार्कों में बनेगा ढांचा
पार्षद व स्थानीय आरडब्ल्यूए लंबे समय से पार्कों में शेड और योगा शेल्टर की मांग कर रहे थे। निगम अधिकारियों का कहना है कि सेक्टर-57 और आसपास के क्षेत्रों में ट्रायल प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन के बाद इसे सभी 36 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। प्रयास यह रहेगा कि शहर के हर रिहायशी सेक्टर के कम से कम दो से तीन प्रमुख सामुदायिक पार्कों में नागरिकों को यह सुविधा मिल सके। इससे पार्कों में सुबह-शाम आने वाले वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और योग समूहों को बड़ी राहत मिलेगी।
नागरिकों के लिए सुविधाएँ
लोगों की सुविधा के अनुसार शहर के पार्कों में योगा हट बनाए जाएंगे। इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं।
- विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।


