
शौचालयों के रखरखाव में लापरवाही पर जुर्माना लगाने की तैयारी
गुरुग्राम नगर निगम ने सार्वजनिक शौचालयों के खराब रखरखाव को लेकर पांच एजेंसियों को नोटिस जारी किया है। इन एजेंसियों के टेंडर रद्द करने और उन पर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। शहर के 90 से अधिक शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी इन एजेंसियों पर थी, लेकिन उन्होंने कोई काम नहीं किया।
गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) शहर के सार्वजनिक शौचालयों के खराब रखरखाव को लेकर सख्त हो गया है। निगम ने शौचालयों के रखरखाव का जिम्मा संभाल रही पांच एजेंसियों को नोटिस जारी करते हुए उनके टेंडर रद्द करने और जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि निगम की तरफ से इन एजेंसियों को शहर के 90 से अधिक शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। निगम ने एजेंसियों को शौचालयों का रखरखाव सहित लोगों को पूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए यह टेंडर सौंपा था, लेकिन टेंडर लेने के बाद किसी भी एजेंसी ने शहर के एक भी शौचालय का रखरखाव नहीं किया।
इसको लेकर निगम में लगातार शिकायतें दर्ज हो रही है। हालात यह है कि एजेंसियों ने बिना काम किए ही लाखों रुपयों के बिलों के भुगतान के लिए फाइल लगा दी। जिसके बाद निगम अधिकारियों ने एजेंसी के बिलों के भुगतान पर रोक लगा दी है। शौचालयों का रखरखाव नहीं करने वाली एजेंसियों को नोटिस जारी कर दिया है। अगले सप्ताह इन एजेंसियों के टेंडर को रद्द करने के साथ इन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। एजेंसियों को अभी तक निगम की तरफ से कोई भुगतान नहीं किया गया है। - सुंदर श्योराण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




