आधी रात को सड़कों पर उतरे निगम आयुक्त
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर लगाई गई सख्त फटकार के बाद नगर निगम गुरुग्राम का पूरा अमला जाग गया है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने रात में निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। पार्षदों से भी सहयोग की अपील की गई है।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर लगाई गई सख्त फटकार के बाद नगर निगम गुरुग्राम का पूरा अमला गहरी नींद से जाग गया है। अब केवल दिन में ही नहीं, बल्कि आधी रात को भी शहर की सड़कों पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने शुक्रवार और शनिवार देर रात स्वयं शहर की प्रमुख सड़कों पर उतरकर औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उनके साथ अतिरिक्त निगम आयुक्त रविन्द्र यादव भी मौजूद रहे। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया है कि सड़क चाहे जीएमडीए , एनएचएआई, एचएसवीपी की हो या फिर नगर निगम की अपनी, पूरे शहर में सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी नगर निगम ही निभाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी एक महीने के भीतर शहर की सभी प्रमुख सड़कों को पूरी तरह से चकाचक और कचरा-मुक्त करने का कड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को शहर की अलग-अलग मुख्य सड़कों की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है。
फुटपाथ संवारने और मलबा हटाने के निर्देश
देर रात के दौरे में निगम आयुक्त ने अतुल कटारिया चौक, शीतला माता रोड, बस स्टैंड, सदर बाजार, झाड़सा रोड और ओल्ड रेलवे रोड सहित कई महत्वपूर्ण और व्यस्त क्षेत्रों का मुआयना किया। उन्होंने सड़कों के किनारे लगे गंदगी के ढेरों, पड़े हुए मलबे और खस्ताहाल फुटपाथों को गंभीरता से लेते हुए इंजीनियरिंग व सफाई विंग को इन्हें तुरंत संवारने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर गिरेगी गाज, नियमित होंगे दौरे
दौरे के दौरान मौके पर मौजूद वरिष्ठ सफाई निरीक्षकों और सफाई निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर की स्वच्छता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे स्वयं समय-समय पर इसी तरह रात में औचक निरीक्षण करेंगे, जबकि अतिरिक्त निगम आयुक्त एवं संयुक्त आयुक्त नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
पार्षदों से सहयोग का आह्वान
सफाई व्यवस्था में पूरी तरह से पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगम आयुक्त ने शहर के निगम पार्षदों से भी विशेष अपील की है। उन्होंने पार्षदों से आह्वान किया कि वह भी रात के समय अपने-अपने वार्डों में चल रही सफाई मशीनों की कार्यप्रणाली की निगरानी करें, ताकि धरातल पर काम का सही आकलन हो सके और शहर को वास्तव में स्मार्ट और स्वच्छ बनाया जा सके।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


